डॉ. मनमोहन सिंह के लिए स्मारक के लिए जगह आवंटित करने के मुद्दे पर पूर्व प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव के भाई का बयान सामने आया है। नरसिम्हा राव के भाई मनोहर राव ने इस मुद्दे पर कांग्रेस पर ही निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को 20 साल पीछे मुड़कर देखना चाहिए कि उन्होंने अपने नेता पीवी नरसिम्हा राव को कितना सम्मान दिया। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी तो उनके अंतिम संस्कार में भी शामिल नहीं हुई थीं।
नरसिम्हा राव के भाई का कांग्रेस पर हमला
पूर्व पीएम नरसिम्हा राव के भाई मनोहर राव ने न्यूज़ एजेंसी ANI से बातचीत में कहा कि कांग्रेस को 20 साल पीछे मुड़कर देखना चाहिए कि उन्होंने अपने नेता पीवी नरसिंह राव को कितना सम्मान दिया। यहां तक कि सोनिया गांधी भी उनके अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हुईं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने उनके लिए एक भी प्रतिमा का निर्माण नहीं किया या उन्हें भारत रत्न नहीं दिया। आप अपनी औपचारिकताएं पूरी करें, तब भाजपा निश्चित रूप से डॉ. मनमोहन सिंह के स्मारक के लिए भूमि देगी। कांग्रेस ने नरसिम्हा राव के लिए AICC कार्यालय के द्वार भी नहीं खोले थे।
राव के पोते ने भी खूब सुनाया
पीवी नरसिम्हा राव के पोते एनवी सुभाष ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि क्या उन्हें राजनीति का यही समय मिला है। कांग्रेस पार्टी ने 20 साल बाद भी कोई सम्मान नहीं दिया। उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें बोलने का कोई हक नहीं है। आपके पूछने की वजह क्या है? आपने तो प्रणब मुखर्जी को भी सम्मान नहीं दिया। उन्होंने आगे कहा कि पीवी नरसिम्हा राव ने अपना ज्यादातर वक्त दिल्ली में बिताया, फिर भी उनका मेमोरियल हैदराबाद में बनाने की कोशिश कांग्रेस पार्टी ने की।
मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार के बाद राहुल का पोस्ट
मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार के बाद राहुल गांधी ने निगम बोध घाट को चुने जाने के लिए मोदी सरकार पर निशाना साधा था। उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर लिखा था कि भारत माता के महान सपूत और सिख समुदाय के पहले प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह जी का अंतिम संस्कार आज निगमबोध घाट पर करवाकर वर्तमान सरकार ने उनका सरासर अपमान किया है। एक दशक के लिए वह भारत के प्रधानमंत्री रहे,उनके दौर में देश आर्थिक महाशक्ति बना और उनकी नीतियां आज भी देश के गरीब और पिछड़े वर्गों का सहारा हैं।
राहुल ने आगे लिखा कि आज तक सभी पूर्व प्रधानमंत्रियों की गरिमा का आदर करते हुए उनके अंतिम संस्कार अधिकृत समाधि स्थलों में किए गए ताकि हर व्यक्ति बिना किसी असुविधा के अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि दे पाए। डॉ.मनमोहन सिंह हमारे सर्वोच्च सम्मान और समाधि स्थल के हकदार हैं। सरकार को देश के इस महान पुत्र और उनकी गौरवशाली कौम के प्रति आदर दिखाना चाहिए था।
साभार सहित
- आगरा में इंसानियत शर्मसार: सड़क पर गिरी महिला की मदद करने पहुंचे युवकों को भीड़ ने बेरहमी से पीटा, अस्पताल में भी किया हमला - March 22, 2026
- कैसा विकास? जहाँ शुद्ध पेयजल भी नसीब नहीं! रिवर कनेक्ट संगोष्ठी में पर्यावरणविदों ने सरकारों को घेरा - March 22, 2026
- गणगौर उत्सव 2026: आगरा में दिखी राजसी परंपरा की झलक, शिव-पार्वती के विवाह उत्सव पर झूमीं महिलाएं - March 22, 2026