आगरा: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भारत भूषण गप्पी के बड़े भाई-भाभी और थाना कमलानगर के अंतर्गत नटराजपुरम निवासी बुजुर्ग दंपति को मंगलवार की दोपहर कुछ टप्पेबाजों ने अपना शिकार बना लिया। कमलानगर में सेंट्रल बैंक के पास इस दंपति से सात-आठ तोले के सोने के आभूषण ले उड़े। ये टप्पेबाज सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गए हैं।
नटराजपुर निवासी अशोक पोपली पत्नी नीलम पोपली के साथ दोपहर डेढ़ बजे अपने घर से एक्टिवा स्कूटर पर सवार होकर घटिया आजम खां के एक मंदिर जाने के लिए निकले थे। कमला नगर में सेंट्रल बैंक रोड पर दाऊजी मिष्ठान भंडार और साईं अस्पताल के नजदीक पीछे से बाइक पर सवार होकर आए दो युवकों ने पोपली दंपति को रुकने का इशारा किया। इस पर उन्होंने स्कूटर रोक लिया। बाइक सवार युवकों ने कहा कि वे पुलिसकर्मी हैं। शहर में आए दिन लूट की घटनाएं हो रही हैं और आप सोने के आभूषण पहनकर निकले हुए हैं। इन युवकों ने कहा कि अपने आभूषण उतारकर हमें दे दें, हम इनकी पोटली बनाकर आपको लौटा देंगे ताकि आप लूट से बच सकें।
बुजुर्ग दंपति ने इन टप्पेबाजों की बातों पर भरोसा कर लिया। अशोक पोपली ने अपने हाथों से सोने की दो अंगूठियां, पत्नी नीलम पोपली ने हाथ में पहनी सोने की चार चूड़ियां और दो सोने की अंगूठियां उतारकर टप्पेबाजों को दे दीं। इनका कुल वजन आठ तोले बताया गया है। टप्पेबाजों ने एक कागज की पुड़िया लौटाते हुए कहा कि आपके जेवर इसमें रखे हैं। पुड़िया देकर टप्पेबाज रफूचक्कर हो गए।
पोपली दंपति ने जब पुड़िया खोली तो उसमें लोहे का एक कड़ा और एक छोड़ा सा कंकड़ निकला। यह देख बुजुर्ग दंपति के होश उड़ गए। उन्होंने अपने भाई और वरिष्ठ कांग्रेस नेता भारत भूषण गप्पी एडवोकेट को इसकी जानकारी दी। भारत भूषण के साथ ही प्रदीप पुरी और राजीव गुप्ता आदि भी मौके पर पहुंच गए।
नीलम पोपली गले में मंगलसूत्र भी पहने हुई थीं। टप्पेबाजों ने उसे भी उतरवाने की कोशिश की थी, लेकिन नीलम पोपली के यह कहने पर कि ये तो नकली है, टप्पेबाजों ने कहा कि पहने रहिए, इसे उतारने की जरूरत नहीं है।
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो पोपली दंपति ने बाइक सवार टप्पेबाजों की पहचान कर ली। पुलिस ने सीसीटीवी की फुटेज निकालकर टप्पेबाजों की तलाश शुरू कर दी है।
- टाइपकास्टिंग की दीवार तोड़ने वाली बॉलीवुड की 6 अभिनेत्रियां: तब्बू से लेकर कंगना रनौत तक ने हर किरदार में दिखाया नया अंदाज - October 20, 2026
- सन नियो के कलाकारों ने साझा किए दशहरे से जुड़े अपने अनुभव: सूरज प्रताप सिंह और गौरव बाजपेयी ने बताया उनके लिए क्यों खास है विजय पर्व - October 20, 2026
- दयालबाग में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया परम गुरु महाराज साहब का पावन भंडारा: धान की कटाई से लेकर प्रीतिभोज तक सेवा में जुटी रही संगत - October 20, 2026