आम चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस के खिलाफ इनकम टैक्स नोटिस के मामले में इनकम टैक्स विभाग कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं करेगा। सुप्रीम कोर्ट में इनकम टैक्स विभाग की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि मामले में आखिरी फैसला आने तक मौजूदा परिस्थितियों में कांग्रेस के खिलाफ इनकम टैक्स नोटिस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी।
IT विभाग नहीं करेगा कोई कार्रवाई
सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस बीवी नागरत्ना और जस्टिस ऑगस्टिन जॉर्ज मसीह की बेंच के सामने इनकम टैक्स विभाग की ओर से सॉलिसिटर जनरल पेश हुए। सुप्रीम कोर्ट ने सॉलिसिटर जनरल के उस बयान को रेकॉर्ड पर लिया जिसमें सॉलिसिटर जनरल मेहता ने कहा कि मामले में अंतिम फैसला आने तक मौजूदा परिस्थितियों में कांग्रेस के खिलाफ तुरंत कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी। इसके बाद कांग्रेस के खिलाफ इनकम टैक्स नोटिस से संबंधित मामले की सुनवाई जुलाई तक के लिए टाल दी है।
कांग्रेस को 3500 करोड़ का मिला है नोटिस
सुप्रीम कोर्ट में सोमवार को जब मामले की सुनवाई हुई तब सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता इनकम टैक्स विभाग की ओर से पेश हुए और कहा कि हम इस मामले में बयान देना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक राजनीतिक पार्टी है और अभी देश में आम चुनाव की प्रक्रिया चल रही है। हम पार्टी के खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं करेंगे।
उन्होंने कहा कि इनकम टैक्स विभाग मामले के मेरिट पर कोई टिप्पणी नहीं कर रहा है और तमाम शक्ति और दावे ओपन हैं। सुप्रीम कोर्ट में पेश कांग्रेस के वकील अभिषेक मनु सिंघवी ने इस कदम की सराहना की है। कांग्रेस को मार्च या उससे पहले के सालों के लिए कुल 3500 करोड़ का इनकम टैक्स नोटिस मिला है।
चुनाव के दौरान नहीं होगी कोई कार्रवाई
सुप्रीम कोर्ट में कांग्रेस पार्टी की ओर से याचिका दायर की गई है। बेंच ने 2018 में कांग्रेस पार्टी द्वारा हाई कोर्ट के 2016 के फैसले के खिलाफ एक अपील पर सुनवाई की थी। सुप्रीम कोर्ट ने इस पेंडिंग अपील में मार्च में इनकम टैक्स विभाग द्वारा जारी नोटिस का हवाला दिया और अंतरिम आवेदन दाखिल कर इस नोटिस पर रोक की मांग की थी।
तुषार मेहता ने इस दौरान कहा कि हाल के इनकम टैक्स नोटिस के संदर्भ में अपील नहीं है लेकिन हम कोर्ट को बताना चाहते हैं कि मौजूदा आमचुनाव के मद्देनजर विभाग दंडात्मक कार्रवाई को टालती है।
सॉलिसिटर जनरल ने कहा कि मामले में हम वसूली और दंडात्मक कार्रवाई नहीं करेंगे क्योंकि अभी आम चुनाव चल रहे हैं। ऐसे में सुनवाई जुलाई तक टाली जाए। सुप्रीम कोर्ट ने सॉलिसिटर जनरल के बयान को रेकॉर्ड पर लिया और सुनवाई जुलाई के लिए टाल दी है। सुप्रीम कोर्ट ने अगली सुनवाई के लिए 24 जुलाई की तारीख तय कर दी है। कांग्रेस की ओर से अभिषेक मनु सिंघवी और विवेक तन्खा पेश हुए थे।
-एजेंसी
- दिल्ली पुलिस के ‘पीस बॉन्ड’ नोटिस के खिलाफ हाईकोर्ट पहुंचीं AISA अध्यक्ष नेहा बोरा: CEC के खिलाफ प्रदर्शनों के बीच तत्काल सुनवाई की मांग - October 19, 2026
- CJP के विरोध प्रदर्शन के बीच केंद्र सरकार ने Meta को दिया कंटेंट रिकमेंडेशन सिस्टम और एल्गोरिदम ठीक करने का निर्देश - October 19, 2026
- आगरा श्रीरामलीला महोत्सव: “रणभूमि में मेघनाद का अंत; लक्ष्मण के प्रहार से धड़ाम गिरा रावण का पुत्र, गूंज उठे ‘जय श्रीराम’ के जयघोष” - October 19, 2026