आगरा: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा 25 फरवरी को आगरा में प्रवेश करेगी। राहुल करीब ढाई घंटे शहर में रहेंगे। शाम को राजस्थान के धौलपुर में प्रवेश कर जाएंगे। यात्रा के लिए कार्यकर्ताओं में उत्साह दिख रहा है। अभी तक राहुल गांधी की यात्रा से दूर रहे सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव 25 को आगरा में उनके साथ नजर आएंगे। सात साल बाद दोनों एक बार फिर आगरा में रोड शो करेंगे।
मणिपुर से शुरू हुई यह यात्रा विभिन्न राज्यों में होती हुई उत्तर प्रदेश में चल रही है। यह यात्रा 25 फरवरी को हाथरस के सादाबाद से दोपहर दो बजे यहां टेढ़ी बगिया पहुंचेगी। यहां आंबेडकर प्रतिमा पर माल्यार्पण कर राहुल गांधी 100 फुटा रोड तक पैदल मार्च करेंगे।
यात्रा शाहदरा, नुनिहाई, आंबेडकर पुल, यमुना किनारा, लाल किला, मॉल रोड, बुंदू कटरा से नगला पदमा होते हुए तेहरा पर जनसभा करेंगे। इसमें भाजपा राज में महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी समेत अन्य मुद्दों पर जनता से रूबरू होंगे। शाम को करीब 4:30 बजे यात्रा धौलपुर में प्रवेश कर जाएगी।
लोकसभा चुनाव के लिए इंडिया गठबंधन में कांग्रेस और सपा के बीच सीटों का बंटवारा फाइनल होने के बाद अखिलेश यादव अब राहुल के साथ दिखेंगे। यात्रा को लेकर सपाइयों ने भी तैयारी भी शुरू कर दी है। एक वरिष्ठ सपा नेता ने अखिलेश यादव के कार्यक्रम में शामिल होने की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष न्याय यात्रा में शामिल होंगे।
अखिलेश यादव और राहुल गांधी की जोड़ी पहले भी साथ दिख चुकी है। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में सपा और कांग्रेस ने गठबंधन किया था। उस समय अखिलेश और राहुल की जोड़ी को दो लड़कों की जोड़ी नाम दिया गया था।
- बाल रोग विशेषज्ञ डॉक्टर जे एन टंडन ने अपने पिता कामरेड महादेव नारायण टंडन के बारे में यह क्या कह दिया - April 28, 2026
- जनतंत्र में शिक्षा शास्त्र: लोकतंत्र के प्रहरी तैयार करने का ऐतिहासिक संकल्प, महादेव नारायण टंडन को श्रद्धांजलि - April 28, 2026
- गाय को राष्ट्र माता घोषित कराने के लिए एक ही दिन 5000 तहसीलदारों को ज्ञापन - April 28, 2026