आगरा: थाना न्यू आगरा की लायर्स कालोनी में आज सुबह एक घर में तीन लाशें मिलने के पीछे व्यापारी के डेढ़ करोड़ रुपये के कर्ज में डूबे होने का मामला सामने आया है। व्यापारी में अपने बेटे और बुजुर्ग मां की हत्या करने के बाद खुद को फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस को प्रारंभिक छानबीन में व्यापारी का मौत से पहले का एक वीडियो मिला, जिसमें उसने स्वयं वारदात की वजह बताई है।
बताया गया है कि लॉयर्स कॉलोनी निवासी तरुण प्रताप सिंह उर्फ जॉली (करीब 45 वर्ष) का पाइप का कारोबार था। उसकी पत्नी रजनी खाटू श्याम दर्शन के लिए गई हुई थी। घर में जॉली के अलावा उसकी बुजुर्ग मां ब्रजेश देवी (65 वर्ष) और 12 साल का बेटा कुशाग्र चौहान था। सुबह रोज की तरह जब उसके घर पर नौकरानी काम करने पहुंची तो घर के सारे दरवाजे खुले हुए थे। उसने जॉली का शव फंदे पर लटका हुआ था। यह देख नौकरानी चीखती हुई कमरे की ओर दौड़ी तो वहां 12 वर्षीय कुशाग्र और बुजुर्ग महिला ब्रजेश देवी की लाश पड़ी हुई थी।
शोर सुनकर पड़ोसी मौके पर आ गए। सूचना मिलते ही थाना न्यू आगरा पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस को मौके से व्यापारी का मोबाइल फोन मिला, जिसमें एक वीडियो है। इस वीडियो में उसने कहा है कि उसे व्यापार में करीब डेढ़ करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। वह कर्ज से परेशान है, इसलिए सबको मार दिया। जॉली के पिता मान सिंह की कुछ माह पहले मौत हो गई थी। उसके पिता अधिवक्ता थे।
डीसीपी सिटी सूरज राय ने बताया कि तरुण ने आत्महत्या की और उससे पहले उसने अपनी मां और बेटे को मार दिया। वारदात को अंजाम देने से पूर्व उसने अपना एक स्वीकारोक्ति वीडियो भी बनाया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि तरुण के पिता की कोविड के दौरान मौत हो गई थी। पिता की मौत के बाद तरुण परेशान रहता था। वह एक फैक्ट्री में काम करता था। पिता के समय से ही उन पर कर्ज हो गया था। वह शराब का आदी हो गया था। तरुण ने आत्महत्या से पहले बनाए वीडियो में उसने कर्ज की बात बताकर कहा, “मैं जानता हूं कि मैं बहुत गलत फैसला ले रहा हूं, लेकिन इसके अलावा मेरे पास कोई चारा नहीं है।”
बताया गया है कि तरुण की शादी 15 वर्ष पहले हुई थी। उसकी पत्नी रजनी सिकंदरा क्षेत्र में रहने वाली अपनी नंद गुंजन के साथ शनिवार को खाटू श्याम मंदिर चली गई थी। स्थानीय लोगों ने बताया कि तरुण शनिवार से ही बाहर नहीं निकला था। पत्नी के जाने के बाद क्या हुआ इसकी जानकारी नहीं है। माना जा रहा है कि उसने शनिवार की रात को ही यह आत्मघाती कदम उठाया होगा। रविवार सुबह जब उसके घर में काम करने वाली नौकरानी पहुंची, तब लोगों को इसकी जानकारी हुई। फिलहाल पुलिस अन्य पहलुओं पर भी जांच कर रही है। पुलिस को मौके पर सिगरेट के खाली खोखे भी मिले हैं।
- आगरा मेट्रो के दूसरे कॉरिडोर में बड़ी सफलता: डिपो से सदर बाजार तक डाउन लाइन पर हुआ ट्रेन का सफल ट्रायल रन - October 13, 2026
- Agra News: अग्रवाल महासभा विवाद में नितेश अग्रवाल गुट को बड़ी राहत, सोसायटी रजिस्ट्रार ने चुनाव रद्द करने की मांग की खारिज - October 13, 2026
- आंबेडकर विवि के संस्कृति भवन में एबीवीपी का ‘उभरता भारत, नई आशाएं’ कार्यक्रम, युवाओं से राष्ट्र निर्माण में जुटने की अपील - October 13, 2026