ब्रिटेन के सांसद बॉब ब्लैकमैन ने BBC की राम मंदिर कवरेज को लेकर सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि 22 जनवरी दुनियाभर के हिंदुओं के लिए खुशी का दिन था, लेकिन अफसोस की बात है कि BBC ने अपनी कवरेज में यह नहीं बताया कि यह वही जगह है, जहां एक मस्जिद ढहाई गई थी।
सत्ताधारी कंजर्वेटिव पार्टी के सांसद बॉब ने आगे कहा, वो यह भूल गए कि इससे पहले यहां 2 हजार सालों तक मंदिर था। इसके अलावा मुस्लिमों को मस्जिद के लिए 5 एकड़ की एक जगह दी गई है, जहां वो मस्जिद बना सकते हैं। इसके बाद ब्रिटिश सांसद ने BBC की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए संसद में इस मुद्दे पर बहस की मांग की है।
सांसद ने कहा, BBC को सभी घटनाओं की सही कवरेज करनी चाहिए
बॉब ब्लैकमैन ने सोशल मीडिया पर भी BBC कवरेज को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा- राम मंदिर के बारे में BBC की रिपोर्टिंग को लेकर मतदाताओं ने चिंता जताई है। मैं हिंदुओं के अधिकारों का समर्थक हूं और इतने बड़े मीडिया हाउस की ऐसी कवरेज चिंता पैदा करती है। दुनिया में क्या हो रहा है, इसे लेकर BBC को सही जानकारी देनी चाहिए।
दरअसल, 22 जनवरी को अयोध्या में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा पर दुनियाभर के मीडिया हाउस की नजर थी। इस दौरान BBC ने अपनी कवरेज में लिखा था कि कुछ मुस्लिमों ने उन्हें बताया कि प्राण प्रतिष्ठा के कार्यक्रम ने उनकी दर्दनाक यादों को फिर ताजा कर दिया।
BBC ने कहा था कि जहां मस्जिद ढहाई, वहीं मंदिर बना
BBC की हेडलाइन में लिखा था- जिस जगह मस्जिद ढहाई गई, वहीं PM मोदी ने मंदिर का उद्घाटन किया। लेख में BBC ने कहा था- भारत के प्रधानमंत्री ने हिंदुओं के भगवान राम के भव्य मंदिर के उद्घाटन में हिस्सा लिया।
उनके अलावा फिल्मी सितारों, उद्योगपतियों समेत हजारों मेहमान प्राण प्रतिष्ठा में शामिल हुए। विपक्ष ने इस कार्यक्रम का विरोध किया और प्रधानमंत्री मोदी पर मंदिर के जरिए सियासी फायदा उठाने के आरोप लगाए।
भारत में BBC से जुड़े विवाद
BBC भारत में भी कई विवादों में घिरा रहा है। इस मीडिया हाउस ने 17 जनवरी 2023 को ‘इंडिया: द मोदी क्वेश्चन’ डॉक्यूमेंट्री का पहला एपिसोड यूट्यूब पर रिलीज किया था। दूसरा एपिसोड 24 जनवरी 2023 को रिलीज होना था। इससे पहले ही केंद्र सरकार ने पहले एपिसोड को यूट्यूब से हटा दिया था। केंद्र सरकार ने इसे दुष्प्रचार और प्रोपेगैंडा बताया था।
पहले एपिसोड के डिस्क्रिप्शन में लिखा था कि ये डॉक्यूमेंट्री भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुस्लिम अल्पसंख्यकों के बीच तनाव पर नजर डालती है। गुजरात में 2002 में हुए दंगों में नरेंद्र मोदी की भूमिका के दावों की जांच करती है। डॉक्यूमेंट्री को लेकर लंबे समय तक विवाद चला था।
इसके बाद 14 फरवरी 2023 को दिल्ली और मुंबई में BBC के दफ्तरों पर IT विभाग ने छापा मारा था। आयकर विभाग के सूत्रों के मुताबिक BBC पर इंटरनेशनल टैक्स में गड़बड़ी का आरोप लगा था। BBC ने ट्वीट कर कहा था- आयकर विभाग की टीम दिल्ली और मुंबई ऑफिस में मौजूद हैं। हम उन्हें पूरा सहयोग कर रहे हैं।
इस दौरान IT टीम ने फाइनेंस डिपार्टमेंट के लोगों के मोबाइल, लैपटॉप-डेस्कटॉप जब्त किए थे। आयकर विभाग ने करीब 60 घंटे तक सर्वे किया था।
-एजेंसी
- आगरा में ससुरालियों की शर्मनाक करतूत: बहू के बेडरूम-किचन में लगाए CCTV कैमरे, दहेज के लिए बच्चों संग निकाला - February 20, 2026
- Agra News: एम्बुलेंस से शराब की तस्करी, हरियाणा से प्रयागराज जा रही 46 पेटी अवैध शराब जब्त, 2 तस्कर दबोचे - February 20, 2026
- Agra News: सर्राफा बाजार में 176 किलो चांदी की बड़ी धोखाधड़ी, लखनऊ के व्यापारी पर आरोप, मुकदमा दर्ज - February 20, 2026