आरंभिक सार्वजनिक निर्गम IPO लाने की तैयारी में जुटी जीवन बीमा निगम LIC के निदेशक मंडल में छह स्वतंत्र निदेशकों को शामिल किया गया है। कामकाज के संचालन (कॉरपोरेट गवर्नेंस) से संबंधित नियामकीय नियमों को पूरा करने को कंपनी ने यह कदम उठाया है।
सूत्रों ने बताया कि एलआईसी ने पूर्व वित्तीय सेवा सचिव अंजुली छिब दुग्गल, सेबी के पूर्व सदस्य जी महालिंगम और एसबीआई लाइफ के पूर्व प्रबंध निदेशक संजीव नौटियाल को निदेशक मंडल में शामिल किया है।
इसके अलावा चार्टर्ड अकाउंटेंट विजय कुमार, राजकमल और वी एस पार्थसारथी को एलआईसी के निदेशक मंडल में स्वतंत्र निदेशक के रूप में शामिल किया गया है।
इन नियुक्तियों के साथ एलआईसी के बोर्ड में स्वतंत्र निदेशकों की संख्या नौ हो गई और सारी रिक्तियां भर गई हैं।
भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के पास आईपीओ दस्तावेज (डीआरएचपी) जमा करने से पहले कॉरपोरेट गवर्नेंस नियमों को पूरा करना जरूरी है। केंद्र सरकार एलआईसी के बड़े आईपीओ के लिए इसी सप्ताह दस्तावेज जमा करा सकती है।
एलआईसी का अंतनिर्हित मूल्य निकाला जा चुका है और यह पांच लाख करोड़ रुपये से अधिक है। डीआरएचपी में निर्गम के आकार का उल्लेख होगा।
निवेश एवं लोक संपत्ति प्रबंधन विभाग (दीपम) के सचिव तुहिन कांत पांडेय ने कहा था कि सेबी की मंजूरी के बाद एलआईसी का आईपीओ मार्च में आ सकता है। एलआईसी के निर्गम का 10 प्रतिशत तक पॉलिसीधारकों के लिए आरक्षित रहेगा।
चालू वित्त वर्ष के लिए संशोधित विनिवेश लक्ष्य को हासिल करने की दृष्टि से एलआईसी की सूचीबद्धता महत्वपूर्ण है। सरकार ने चालू वित्त वर्ष के विनिवेश लक्ष्य में भारी कटौती कर इसे 78,000 करोड़ रुपये कर दिया है। अभी तक सरकार एयर इंडिया के विनिवेश और अन्य सार्वजनिक उपक्रमों में हिस्सेदारी बिक्री के जरिये मात्र 12,000 करोड़ रुपये जुटा पाई है।
-एजेंसियां
- आगरा रामलीला महोत्सव: राम-रावण युद्ध देखने उमड़ा भारी जनसैलाब, दो घंटे तक चली शानदार आतिशबाजी से जगमगाया आसमान, गूंजे ‘जय श्रीराम’ के जयघोष - October 21, 2026
- आस्था, संस्कृति और सामाजिक समरसता का अद्भुत संगम: वृद्धजनों और समाजसेवियों के सम्मान के साथ हुआ आगरा के ऐतिहासिक दशहरा मेले का समापन - October 21, 2026
- श्री मनःकामेश्वर रामलीला महोत्सव में राम-रावण युद्ध और रावण वध का भव्य मंचन: “अधर्म पर धर्म की विजय” के जयकारों से गूंजी रणभूमि - October 21, 2026