5 किलो राशन नहीं, निषाद समाज को लखनऊ और दिल्ली में चाहिए शासन : डॉ. संजय निषाद

POLITICS

महाराजगंज/लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री (मत्स्य विभाग) तथा निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय कुमार निषाद ने महाराजगंज जिले के फरेंदा में आयोजित ‘संवैधानिक सुरक्षा अधिकार महासम्मेलन एवं पदयात्रा’ में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। फरेंदा स्थित निरीक्षण भवन से पदयात्रा का आगाज करते हुए उन्होंने निषाद व संपूर्ण मछुआ समुदाय को संवैधानिक रूप से अनुसूचित जाति (SC) के दायरे में आरक्षित करने की अपनी पुरानी मांग को फिर प्रमुखता से उठाया।

“भाजपा के पाले में है आरक्षण की गेंद, मुलायम सिंह ने दिया था अधिकार”

पदयात्रा को संबोधित करते हुए डॉ. संजय निषाद ने स्पष्ट किया कि वर्ष 2016 में निषाद पार्टी का गठन समाज के जल, जंगल, जमीन, बालू और घाटों के पुश्तैनी अधिकारों की रक्षा तथा आरक्षण दिलाने के लिए हुआ था। उन्होंने कहा कि पार्टी ने निषाद समाज की सभी प्रमुख मांगों से भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को अवगत करा दिया है, क्योंकि इस संबंध में अंतिम निर्णय भाजपा को ही लेना है।

​पूर्व मुख्यमंत्री स्व. मुलायम सिंह यादव का स्मरण करते हुए निषाद पार्टी प्रमुख ने कहा “हम मुलायम सिंह यादव जी का धन्यवाद करते हैं जिन्होंने मंझवार की उपजातियों को अनुसूचित जाति का आरक्षण देकर मछुआ समाज के 447 युवाओं को अधिकारी बनाया था। हालांकि, बाद में आई बसपा सरकार ने उस भर्ती के खिलाफ हाईकोर्ट का रुख किया, जबकि सपा सरकार ने अदालत में पैरवी कर आदेश बहाल रखा था।”

​”राशन नहीं, लखनऊ-दिल्ली में शासन चाहिए”: 2027 में 2 सीटों पर दावा

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि अब मछुआ समाज अपने अधिकारों के प्रति पूरी तरह जागरूक हो चुका है। समाज की स्पष्ट मांग है कि उन्हें सिर्फ 5 किलो मुफ्त राशन नहीं, बल्कि लखनऊ और दिल्ली की सत्ता में आनुपातिक शासन चाहिए। उन्होंने घोषणा की कि 2022 में नौतनवा सीट जीतने के बाद अब निषाद पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव में महाराजगंज जिले की दो सीटों—फरेंदा और नौतनवा पर चुनाव लड़ने की पूरी तैयारी कर रही है।

इसके साथ ही उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं महाराजगंज से सांसद पंकज चौधरी से अपील की कि जिस प्रकार स्थानीय निषाद समाज ने हमेशा उन्हें अपना समर्थन दिया है, उसी तरह वे भी केंद्र व राज्य सरकार से वार्ता कर आरक्षण के मुद्दे का शीघ्र निस्तारण कराएं।

अखिलेश यादव के चौरी-चौरा दौरे और सपा की रणनीति पर कटाक्ष

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के गोरखपुर और चौरी-चौरा दौरे पर प्रतिक्रिया देते हुए डॉ. संजय निषाद ने कहा कि 2018 के उपचुनाव में प्रवीण निषाद की ऐतिहासिक जीत ने ही गोरखपुर में सपा को नई संजीवनी दी थी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव उनके छोटे बेटे (श्रवण निषाद) के विधानसभा क्षेत्र चौरी-चौरा में जा रहे हैं, तो उन्हें वहां का अभूतपूर्व विकास देखकर आना चाहिए।

अखिलेश द्वारा दूसरे दलों के बागियों को प्रत्याशी बनाए जाने पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि जो नेता अपने मूल दल और मुख्यमंत्री का सगा नहीं हुआ, वह सपा का वफादार कैसे हो सकता है। डॉ. संजय निषाद ने दावा किया कि उनके पुत्र श्रवण निषाद वर्ष 2027 में पुनः चौरी-चौरा से विधायक बनकर विधानसभा पहुंचेंगे।

​पदयात्रा के दौरान फरेंदा में स्थानीय नागरिकों और निषाद समाज के कार्यकर्ताओं ने डॉ. संजय निषाद का जगह-जगह पुष्पवर्षा और फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया।

Dr. Bhanu Pratap Singh