नई दिल्ली: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और वरिष्ठ कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने शनिवार को तेलंगाना के हैदराबाद शहर में आयोजित ‘भारत समिट’ (Bharat Summit) को मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने देश की वर्तमान राजनीतिक स्थिति, वर्ष 2014 के चुनावों, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और उद्योगपति गौतम अडाणी के मसले पर खुलकर अपनी बात रखी। राहुल गांधी ने साल 2014 के लोकसभा चुनाव को याद करते हुए एक बड़ा बयान दिया और दावा किया कि उस साल देश ने एक बिल्कुल अलग तरह का चुनाव देखा, जो इतिहास में पहले कभी नहीं देखा गया था।
“2014 में भारत में लोकतंत्र को नष्ट कर दिया गया”
उन्होंने कहा,कि 2014 में हमने एक बिल्कुल अलग तरह का चुनाव देखा। ऐसा कुछ जो हमने पहले कभी नहीं देखा था। राजनीतिक व्यवस्था में भारी मात्रा में पैसा झोंक दिया गया। चुनावी व्यवस्था में अक्सर कड़े मुकाबले और गठबंधन देखने को मिलते थे, वह अचानक पूरी तरह बदल गई। अगर मैं कहूं कि विपक्ष सदमे में था, तो यह गलत नहीं होगा। भारतीय राजनीति में एक दशक तक यह संकट बना रहा। और फिर अचानक, हमें पता चला कि असल में क्या हो रहा था। हमने इसे समझा और बिना किसी संदेह के यह साबित कर दिया कि 2014 में भारत में लोकतंत्र को नष्ट कर दिया गया था।
कांग्रेस नेता ने कहा कि मैं आपको अभी पूरे भरोसे के साथ बता सकता हूं कि हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हराने जा रहे हैं और उन्हें सत्ता से हटाने जा रहे हैं। आप इसे देख भी सकते हैं। आप इसे हमारी सड़कों पर देख सकते हैं, दिल्ली में देख सकते हैं। पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के चेहरे पर दिख रहे डर में भी देख सकते हैं। यह अब तय हो चुका है।
“हमारे काम करने के पुराने तरीके अब असरदार नहीं रहे”
राहुल गांधी ने कहा,कि हमने पाया कि हमारे काम करने के तरीके अब असरदार नहीं रहे। मीडिया, प्रेस कॉन्फ्रेंस, इंटरव्यू और जनसभाएं जैसे जिन माध्यमों के जरिए हम पहले अपनी बात लोगों तक पहुंचाते थे, वे काम नहीं कर रहे थे। हमें किसी का समर्थन नहीं मिल रहा था। संस्थाएं हमसे छीन ली गई थीं। लेकिन हमने यह समझा कि फासीवादी ताकतों के नियंत्रण में चाहे कितनी भी संस्थाएं हों और उनके पास कितना भी पैसा हो, भारत के लोगों के साथ सीधा जुड़ाव इन सबसे ज्यादा ताकतवर है।’
वोटर लिस्ट से नाम काटने और महाराष्ट्र चुनाव का उठाया मुद्दा
एसआईआर (SIR) के मुद्दे पर राहुल गांधी ने कहा, कि 2024 के लोकसभा चुनाव में जिन 14 करोड़ लोगों ने वोट दिया था, कुछ महीने पहले उन्हें या तो ऐसे वोटर घोषित कर दिया गया, जिनका कोई अस्तित्व ही नहीं है या फिर उन्हें वोटर मानने से इनकार कर दिया गया। अगर चुनाव आयोग ने 14 करोड़ वोटरों को अवैध और वोट देने के अयोग्य घोषित कर दिया है, तो फिर वह चुनाव वैध कैसे हो सकता है? हमारे पास महाराष्ट्र का उदाहरण है। वहां पहले लोकसभा चुनाव हुआ, जिसमें हमारा गठबंधन लड़ा और जीता। इसके तीन महीने बाद हुए चुनाव में हम पूरी तरह हार गए। जब हमने आंकड़ों की जांच शुरू की तो पता चला कि दोनों चुनावों में हमें लगभग उतने ही वोट मिले थे। तीन महीने में 70 लाख नए वोटर जुड़ गए और उन सभी 70 लाख वोटरों ने बीजेपी (BJP) को वोट दिया। इसी वजह से बीजेपी चुनाव जीत गई।’
अडाणी और पीएम मोदी के गठजोड़ पर तीखा हमला
राहुल गांधी ने कहा, कि आज इस देश में एक कारोबारी है, जो बीजेपी (BJP) के सत्ता में आने से पहले दुनिया के सबसे अमीर लोगों की सूची में 600वें स्थान पर था। कुछ महीने पहले वह दुनिया का दूसरा सबसे अमीर व्यक्ति बन गया।
उन्होंने सवालिया लहजे में पूछा कि आखिर वह इतनी तेजी से इतना अमीर कैसे बन गया? इसका सीधा जवाब राजनीति और कॉरपोरेट कारोबार के बीच के गठजोड़ में छिपा है। कारोबार और राजनीति के बीच, यानी अडाणी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच की दूरी अब पूरी तरह समाप्त हो चुकी है। इन दोनों के बीच अब कोई अंतर ही नहीं रह गया है। इस प्रकार के घनिष्ठ गठजोड़ का सीधा असर राजनीतिक फंडिंग में भी साफ तौर पर दिखाई देता है। अडाणी समूह के कब्जे में तेजी से जाने वाली सरकारी संपत्तियों की मात्रा में भी यह साफ नजर आता है। यही वजह है कि पिछले एक दशक के भीतर भारतीय जनता पार्टी की कुल संपत्ति में 11 गुना की भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
- “2014 में भारत में लोकतंत्र को नष्ट कर दिया गया था…”: हैदराबाद में ‘भारत समिट’ के दौरान केंद्र सरकार पर बरसे नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी - November 14, 2026
- ताजनगरी में साइबर ठगों का बड़ा तांडव: ऑनलाइन ट्रेडिंग और पेंशन कार्ड अपडेट के नाम पर दो लोगों से उड़ाए 13 लाख रुपये - November 14, 2026
- “दोधारी तलवार साबित हो सकता है ओवैसी-चंद्रशेखर का गठबंधन…”: 403 सीटों पर ताल ठोकने को तैयार नया मोर्चा, एनडीए से ज्यादा ‘इंडिया’ की बढ़ेगी टेंशन - November 14, 2026