हंसी, डर और भावनाओं का अनोखा संगम: ‘घूंघट’ फिल्म में पहली बार हॉरर-कॉमेडी जॉनर में नजर आएंगी ईशा देओल

ENTERTAINMENT

​मुंबई: बॉलीवुड की सदाबहार अभिनेत्री ईशा देओल अपने अभिनय सफर में एक नया अध्याय जोड़ने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। वे अपनी आगामी फिल्म ‘घूंघट’ के साथ पहली बार हॉरर-कॉमेडी जॉनर में अपना जलवा बिखेरती नजर आएंगी। निर्देशक राजीव रुईया और निर्माता देवेश कुमार द्वारा निर्मित यह फिल्म डर, कॉमेडी, रोमांस और फैंटेसी का एक ऐसा अनोखा मिश्रण पेश करेगी, जो दर्शकों के लिए एक बिल्कुल नया और रोमांचक सिनेमाई अनुभव होगा।

​इस फिल्म को लेकर ईशा देओल काफी उत्साहित हैं। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा, “‘घूंघट’ मेरे करियर का एक विशेष प्रोजेक्ट है। हालांकि मैंने पहले भी हॉरर और कॉमेडी जैसी शैलियों में काम किया है, लेकिन इन दोनों का मिश्रण इस बार बेहद चुनौतीपूर्ण और रोमांचक है।” ईशा का मानना है कि यह फिल्म केवल दर्शकों का मनोरंजन नहीं करेगी, बल्कि इसके पीछे एक गहरा भावनात्मक और सामाजिक संदेश भी छिपा हुआ है, जो फिल्म को और अधिक प्रासंगिक बनाता है।

​फिल्म की कहानी एक रहस्यमयी गांव ‘जांगीपुरा’ की पृष्ठभूमि पर बुनी गई है, जहां ‘भूरी’ नामक एक आत्मा का दर्दनाक अतीत पूरे गांव पर एक भयावह अभिशाप बनकर टूट पड़ता है। ईशा ने फिल्म के बारे में बताते हुए कहा, “इस फिल्म की सबसे बड़ी खूबसूरती यही है कि यह दर्शकों को एक ही समय में हंसाती भी है, डराती भी है और साथ ही जीवन के कुछ अनछुए पहलुओं पर सोचने के लिए मजबूर भी कर देती है।”

​’घूंघट’ के माध्यम से ईशा देओल एक बार फिर यह साबित करने जा रही हैं कि वे प्रयोगधर्मी अभिनेत्री हैं, जो हर नई चुनौती को पूरी सहजता और आत्मविश्वास के साथ स्वीकार करती हैं। फैंस ईशा के इस नए और दिलचस्प अवतार को देखने के लिए बेहद उत्सुक हैं।

-अनिल बेदाग

Dr. Bhanu Pratap Singh