सोनौली बॉर्डर पर फर्जी भारतीय पहचान के साथ इंडोनेशियाई महिला गिरफ्तार; 2005 से नाम बदलकर भारत में रह रही थी

REGIONAL

महाराजगंज/सोनौली। भारत-नेपाल की अति-संवेदनशील सोनौली अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तैनात इमिग्रेशन (आव्रजन) विभाग ने फर्जी भारतीय पहचान के सहारे बीते 21 वर्षों से भारत में अवैध रूप से रह रही एक इंडोनेशियाई महिला को धर दबोचा है। आरोपी महिला वर्ष 2005 में पहली बार भारत आई थी। आरोप है कि उसने अपनी वास्तविक विदेशी पहचान छुपाकर ‘ली किम लियन’ के छद्म नाम से भारतीय वोटर आईडी, आधार कार्ड और पैन कार्ड सहित कई महत्वपूर्ण सरकारी दस्तावेज तैयार करवा लिए थे। गिरफ्तारी के वक्त उसके पास से इंडोनेशियाई पासपोर्ट के अलावा चीन, जापान और ताइवान के वीजा भी बरामद किए गए हैं।

​नेपाल जाने के दौरान हिंदी और हावभाव पर हुआ संदेह

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार (10 नवंबर) की शाम करीब 7:30 बजे महिला नेपाल स्थित लुंबिनी जाने के इरादे से सोनौली इमिग्रेशन कार्यालय पहुँची। नेपाल प्रवेश की औपचारिकता के दौरान उसने इमिग्रेशन अधिकारियों के समक्ष भारतीय मतदाता पहचान पत्र (वोटर आईडी) प्रस्तुत किया। इस कार्ड पर उसका नाम ली किम लियन और जन्मतिथि 29 जून 1975 अंकित थी।

हालांकि, दस्तावेजों की जांच के दौरान महिला की हिंदी भाषा शैली और शारीरिक हावभाव पर इमिग्रेशन अधिकारियों को गहरा संदेह हुआ। जब अधिकारियों ने उससे कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपना असली इंडोनेशियाई पासपोर्ट पेश कर दिया। पासपोर्ट में उसका वास्तविक नाम रोहाना और जन्मतिथि 20 अक्टूबर 1970 दर्ज पाई गई।

प्रारंभिक जांच में पता चला कि महिला का इंडोनेशियाई पासपोर्ट 11 अगस्त 2033 तक वैध है, जबकि उसके पास मौजूद मल्टीपल एंट्री एम्प्लॉयमेंट (रोजगार) वीजा की समयावधि 9 नवंबर 2026 को समाप्त हो चुकी थी।

कोलकाता एनजीओ, चीन कनेक्शन और बौद्ध भिक्षुओं से संपर्क

गहन छानबीन में यह सनसनीखेज तथ्य सामने आया है कि महिला भारत में प्रवास के दौरान फर्जी पहचान के सहारे चीन, जापान और ताइवान समेत कई देशों की यात्राएं कर चुकी है। वह नवंबर 2025 में ही चीन से भारत वापस लौटी थी।

पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह कोलकाता में एक एनजीओ के माध्यम से ‘फो कुआंग शान कलकत्ता बुद्धिस्ट सेंटर’ की अध्यक्ष बनकर उसका संचालन कर रही थी। इसके अलावा, वह लद्दाख निवासी जिगमत पल्जोर के लगातार संपर्क में थी और भारतीय बौद्ध भिक्षुओं की चीन यात्राओं के लिए तकनीकी व लॉजिस्टिक सहायता उपलब्ध कराती थी।

केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां और स्थानीय पुलिस अब उसके अंतरराष्ट्रीय संपर्कों और वास्तविक गतिविधियों की गहनता से पड़ताल कर रही हैं।

आव्रजन और धोखाधड़ी की संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज

इमिग्रेशन विभाग ने पकड़ी गई महिला को कानूनी कार्रवाई के लिए तत्काल सोनौली थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
​मामले की जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष विशाल कुमार शुक्ला ने बताया कि 11 नवंबर की देर रात 11:59 बजे आरोपी महिला के खिलाफ कूटरचित (फर्जी) दस्तावेज तैयार करने, उनका असली के रूप में इस्तेमाल करने, धोखाधड़ी करने तथा आव्रजन व विदेशी अधिनियम (Foreigners Act) की सुसंगत धाराओं में आपराधिक मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब महिला के भारत में रुकने की पूरी समय-सारणी, फर्जी दस्तावेजों के नेटवर्क, विदेशी फंडिंग और उसके संपर्कों की विस्तृत जांच में जुटी है।

Dr. Bhanu Pratap Singh