राम मंदिर दान में कथित घोटाले पर संजय सिंह का बड़ा हमला: “चंदा चोरों गद्दी छोड़ो, प्रभु के नाम पर चोरी बंद करो”

POLITICS

अयोध्या: राम मंदिर में प्राप्त होने वाले चढ़ावे और दान की राशि में कथित अनियमितताओं को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने इस मामले में भाजपा पर तीखा प्रहार करते हुए इसे “चंदा चोरी” करार दिया है। उन्होंने सीधे तौर पर मंदिर ट्रस्ट और भाजपा नेतृत्व को निशाने पर लेते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

चंपत राय से मांगी भगवान की सौगंध

राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मैं तो पहले से कह रहा हूं ‘भाजपाई चन्दा चोर हैं’ राम-राम जपना पराया माल अपना। संजय सिंह ने कहा कि चंदा चोरों गद्दी छोड़ो। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम नाम पर चंदा चोरी करने वालों को जेल भेजो। चंपत राय जी क्या आप प्रभु श्रीराम की मूर्ति पर हाथ रखकर सौगंध खा सकते हैं कि चंदाचोरी नहीं हुई?

CCTV फुटेज और बरामदगी का जिक्र

राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि इस ख़बर को ध्यान से पढ़िये तो साफ़ हो जायेगा प्रभु श्री राम के नाम पर आने वाले चढ़ावे में चोरी की गई है। CCTV से पकड़ी गई है चोरी। चार लोगों को गिरफ्तार भी किया गया। चढ़ावा गिनने वाले अविनाश शुक्ल से चोरी के 5 लाख रुपए बरामद भी किए गए। इतना सब कुछ के बावजूद बेशर्म भाजपाई कह रहे हैं ‘चढ़ावे में चोरी’ नहीं हुई। प्रभु श्री राम को तो बख़्श दो भाजपाइयों। ‘राम के नाम पर चंदा चोरी नहीं चलेगी नहीं चलेगी’।

“राम के नाम का सहारा लेकर भ्रष्टाचार”

सांसद ने कहा कि जनता इस बात को बखूबी समझ रही है कि प्रभु श्रीराम के नाम पर आने वाले चढ़ावे के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि भगवान के नाम का इस्तेमाल भ्रष्टाचार के लिए करना बंद किया जाए। संजय सिंह ने चेतावनी दी कि जब तक इस मामले में पूरी पारदर्शिता नहीं आती और दोषियों को जेल नहीं भेजा जाता, तब तक वे इस मुद्दे को उठाते रहेंगे।

Dr. Bhanu Pratap Singh