लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने प्रदेश के करीब साढ़े तीन लाख आउटसोर्स कर्मचारियों को एक बहुत बड़ी सौगात दी है। राज्य में आउटसोर्स कर्मचारियों के मानदेय (सैलरी) में 7 हजार रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लोकभवन में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान ‘उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम’ (UPCOS) की आधिकारिक वेबसाइट और उसके लोगो का अनावरण किया।
इस दौरान उन्होंने कई कर्मचारियों को अपने हाथों से चेक भी बांटे। इस अवसर पर प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। सरकार के इस कदम से कर्मचारियों को आर्थिक सुरक्षा के साथ-साथ कई अन्य बड़ी चिकित्सीय सुविधाएं भी मिलेंगी।
मिलेगा 50 लाख तक का बीमा और एयर एंबुलेंस की सुविधा
नई व्यवस्था के तहत अब आउटसोर्स कर्मचारियों को 50 लाख रुपये तक का दुर्घटना बीमा कवर प्रदान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, आकस्मिक चिकित्सा या दवाइयों के लिए 5 लाख रुपये और गंभीर आपात स्थिति में एयर एंबुलेंस के लिए 10 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता दिए जाने का प्रावधान किया गया है।
पोर्टल से तैयार होगा एकीकृत डिजिटल रिकॉर्ड
कार्यक्रम के दौरान लॉन्च किए गए ‘यूपीकोस’ (UPCOS) पोर्टल और वेबसाइट के माध्यम से प्रदेश के विभिन्न विभागों में सेवारत सभी आउटसोर्स कर्मचारियों का एक एकीकृत (इंटीग्रेटेड) रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा। अभी तक कर्मचारियों से जुड़ी तमाम जानकारियां अलग-अलग विभागों और अलग-अलग आउटसोर्स एजेंसियों के पास बिखरी रहती थीं। इस नई ऑनलाइन व्यवस्था के लागू होने के बाद कर्मचारियों की भर्ती, उनकी कार्य-तैनाती, उपस्थिति और मानदेय भुगतान से जुड़ा सारा डेटा एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध रहेगा।
इससे यह आसानी से ट्रैक किया जा सकेगा कि किस विभाग में कितने आउटसोर्स कर्मचारी कार्यरत हैं और उन्हें कितना भुगतान किया जा रहा है। सरकार का मानना है कि इस पारदर्शी व्यवस्था से विभिन्न एजेंसियों के माध्यम से होने वाली प्रक्रियाओं में गड़बड़ी या शोषण की गुंजाइश को काफी हद तक कम किया जा सकेगा और कर्मचारियों के हितों की बेहतर रक्षा हो सकेगी।
- बुलंदशहर में भीषण सड़क हादसा: ईको वैन पेड़ से टकराई, दर्शन करने जा रहे एक ही परिवार के 5 लोगों की दर्दनाक मौत, तीन घायल - October 16, 2026
- श्री मनःकामेश्वर रामलीला महोत्सव: शमशाबाद में विधि-विधान से संपन्न हुआ तुलसी-शालिग्राम विवाह, विदाई के पलों ने किया भावुक - October 16, 2026
- “अमेरिकी बिजनेसमैन एलन मस्क के इशारे पर हो रहा प्रदर्शन”: CJP के आंदोलन पर पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह का बड़ा बयान - October 16, 2026