नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में आयोजित चौथे इंटरनेशनल ट्रेड शो के दौरान केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने उत्तर प्रदेश के चौतरफा विकास की जमकर सराहना की है। यूपीआईटीएस (UPITS) के तीसरे दिन रविवार को ‘लीवरेजिंग इंडियाज फ्री ट्रेड एग्रीमेंट्स फॉर ग्लोबल बिजनेस ग्रोथ’ विषय पर आयोजित विशेष बिजनेस सेशन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए पीयूष गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश ने विकास की एक नई और स्वर्णिम यात्रा तय की है। आज प्रदेश की सकारात्मक सोच, उद्यमियों का बढ़ा हुआ आत्मविश्वास और विकास के प्रति प्रतिबद्धता उसकी नई पहचान बन चुकी है।
उत्तर प्रदेश बन रहा वैश्विक निवेश और निर्यात का नया केंद्र
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर शुरू हुआ यह अंतरराष्ट्रीय ट्रेड शो आने वाले वर्षों में और अधिक विशाल और प्रभावी रूप लेगा। पूरी दुनिया आज उत्तर प्रदेश की इस विकास यात्रा को एक मिसाल के रूप में देख रही है। प्रदेशभर में बनाए जा रहे आधुनिक एक्सप्रेसवे, नए एयरपोर्ट्स, विशाल औद्योगिक पार्क और डिफेंस, सेमीकंडक्टर व इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे हाई-टेक क्षेत्रों में हो रहा भारी निवेश नए और बदलते उत्तर प्रदेश की मजबूत तस्वीर पेश करता है।
नोएडा के पास तेजी से विकसित हो रही रोबोटिक्स फैक्ट्री का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यह इस बात का स्पष्ट प्रमाण है कि यूपी अब पारंपरिक उद्योगों के साथ-साथ अत्याधुनिक और भविष्य की तकनीकों वाले क्षेत्रों में भी अपनी गहरी छाप छोड़ रहा है। अब प्रदेश के विकास का अगला पड़ाव अंतरराष्ट्रीय व्यापार, ग्लोबल एक्सपोर्ट, विदेशी निवेश और पर्यटन से जुड़ चुका है। उत्तर प्रदेश के स्थानीय ब्रांड और उत्पाद अब दुनिया भर के बाजारों में अपनी धाक जमा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2030 तक उत्तर प्रदेश के निर्यात को 5 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य यहां की बढ़ती आर्थिक क्षमता और उद्यमी ऊर्जा को दर्शाता है।
2017 से पहले के हालातों को किया याद
वर्ष 2017 के अपने शुरुआती अनुभवों को साझा करते हुए पीयूष गोयल ने कहा कि उस समय उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था और खराब कारोबारी माहौल को लेकर उद्योग जगत में गहरी चिंताएं थीं। कारोबारियों के मन में पर्याप्त विश्वास नहीं था और राज्य में नए बड़े उद्योग स्थापित करने को लेकर भारी उत्साह की कमी थी। देश के प्रमुख औद्योगिक केंद्र भी यूपी की तरफ निवेश की दृष्टि से देखने से कतराते थे, जबकि अंतरराष्ट्रीय निवेश की बात तो बहुत दूर की थी। भ्रष्टाचार और प्रशासनिक कमियों के कारण आम नागरिकों के साथ-साथ व्यापारिक जगत में भी निराशा का माहौल था।
उन्होंने 2017 के विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा के संकल्प पत्र तैयार करने की प्रक्रिया को याद करते हुए बताया कि कैसे पार्टी कार्यकर्ताओं ने गांव-गांव जाकर जनता, युवाओं और महिलाओं से सुझाव लिए थे। उस दौर में बड़े पैमाने पर पलायन की खबरें आती थीं और उत्तर प्रदेश को देश के पिछड़े राज्यों की श्रेणी में गिना जाता था। ऐसे निराशाजनक परिवेश में रोबोटिक्स, डिफेंस कॉरिडोर और सेमीकंडक्टर जैसे आधुनिक क्षेत्रों में निवेश की कल्पना करना भी बेहद कठिन था।
डबल इंजन सरकार में राजस्व संग्रह में ऐतिहासिक वृद्धि
पीयूष गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आशीर्वाद और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दृढ़ नेतृत्व ने राज्य की पूरी तस्वीर बदलकर रख दी है। आज यूपी ने विकास के साथ-साथ राजस्व संग्रह (Revenue Collection) के मामले में भी अभूतपूर्व प्रगति की है। पारदर्शी नीतियों और बेहतर प्रशासनिक नियंत्रण के कारण विभिन्न स्रोतों से मिलने वाले राजस्व में कई गुना बढ़ोतरी हुई है, जिसका उपयोग सीधे तौर पर प्रदेश के विकास कार्यों में किया जा रहा है।
उन्होंने आबकारी राजस्व का उदाहरण देते हुए बताया कि वर्ष 2016-17 की तुलना में आज प्रदेश के आबकारी राजस्व में लगभग पांच गुना की भारी वृद्धि दर्ज की गई है। यह सुधार केवल एक क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि भूमि हस्तांतरण, रजिस्ट्रेशन फीस और स्टांप ड्यूटी जैसे सभी प्रमुख राजस्व स्रोतों में अभूतपूर्व सकारात्मक बदलाव आया है। उन्होंने अंत में व्यापार और उद्योग जगत के तमाम दिग्गजों का आह्वान किया कि वे इन नए अवसरों को पहचानें और पूरी ऊर्जा व उत्साह के साथ उत्तर प्रदेश की इस ऐतिहासिक विकास यात्रा को आगे बढ़ाएं।
- आगरा में छिपी प्रतिभाओं को मिलेगा बड़ा मंच: प्रशस्ति फाउंडेशन की ओर से ‘ठलु आगीरी’ टैलेंट शो का ऐलान, 11 अक्टूबर को होंगे ऑडिशन - September 27, 2026
- आगरा के ट्रांस यमुना क्षेत्र में बनेगा जैन आस्था का भव्य प्रवेश द्वार, मंदिर समिति ने विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह को सौंपा मांग पत्र - September 27, 2026
- केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने ग्रेटर नोएडा ट्रेड शो में की यूपी की तारीफ, कहा- ‘बदलते उत्तर प्रदेश की गूंज पूरी दुनिया में सुनाई दे रही है’ - September 27, 2026