कानपुर में खुले सीवर के गड्ढे में बाइक समेत गिरा डिलीवरी बॉय, नाक की हड्डी टूटी; हादसे की सीसीटीवी फुटेज वायरल

स्थानीय समाचार

कानपुर। शहर के जाजमऊ स्थित हिंदुस्तान कंपाउंड क्षेत्र में प्रशासनिक लापरवाही का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां सड़क पर बने खुले सीवर के एक गहरे गड्ढे ने एक डिलीवरी बॉय की जिंदगी को खतरे में डाल दिया। मंगलवार देर रात अंधकार से घटी इस दुर्घटना में 27 वर्षीय एक डिलीवरी बॉय बाइक समेत लगभग चार फीट गहरे गड्ढे में जा गिरा। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि कैसे कुछ ही सेकंड में युवक अपनी बाइक सहित गड्ढे में समा गया।

​अंधेरे की वजह से नहीं दिखा ‘मौत का गड्ढा’

​लालबंगला के सुभाष रोड के रहने वाले पीड़ित नितिन गुप्ता मंगलवार की देर रात किसी आर्डर की डिलीवरी देने के लिए जाजमऊ की ओर जा रहे थे। जब वे हिंदुस्तान कंपाउंड के पास पहुंचे तो वहां सड़क पर पूरी तरह अंधेरा था। स्ट्रीट लाइट न होने के कारण उन्हें रास्ते में बना यह खतरनाक गड्ढा बिल्कुल नजर नहीं आया। गनीमत यह रही कि उन्होंने सिर पर हेलमेट पहन रखा था, जिसके चलते उनके सिर में कोई गंभीर चोट नहीं आई, हालांकि इस भीषण हादसे में उनकी नाक की हड्डी टूट गई है।

डॉक्टरों ने उनकी इस चोट के बाद ऑपरेशन कराने की सलाह दी है। दुर्घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें गड्ढे से बाहर निकाला और इलाज के लिए एक स्थानीय नर्सिंगहोम पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उन्हें रामादेवी के दूसरे अस्पताल ले गए।

पंद्रह दिन पहले मरम्मत के बाद खुला छोड़ दिया गया था गड्ढा

​स्थानीय निवासियों ने नाराजगी जाहिर करते हुए बताया कि सड़क के नीचे टेनरी वेस्ट की लाइन बिछी हुई है। पिछले महीने यह लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिसकी वजह से यहां बड़ा गड्ढा बन गया था। स्थानीय निवासी इमरान ने जानकारी दी कि लगभग 15 दिन पहले विभाग के कर्मचारियों ने पाइप की मरम्मत कर लाइन तो जोड़ दी, लेकिन सड़क पर बने उस गहरे गड्ढे को खुला ही छोड़ दिया गया। सड़क पर स्ट्रीट लाइट न होने के कारण यह जगह हादसों का हॉटस्पॉट बन चुकी है।

लोगों का दावा है कि इस गड्ढे में गिरकर पहले भी कई बाइक सवार और राहगीर चोटिल हो चुके हैं। एक अन्य स्थानीय निवासी हारिस ने बताया कि यदि समय रहते इस गड्ढे के चारों ओर बैरिकेडिंग या रोशनी का पुख्ता इंतजाम कर दिया जाता, तो इस बड़े हादसे को आसानी से टाला जा सकता था।

​नागरिकों की मांग—तत्काल दुरुस्त हो व्यवस्था

घटना के बाद से इलाके के लोगों में भारी गुस्सा है। गुरुवार को विभाग की ओर से हालांकि गड्ढे का कुछ हिस्सा भरकर छोड़ दिया गया है, लेकिन स्थानीय लोगों ने नगर निगम और संबंधित विभागों से मांग की है कि इस गड्ढे को पूरी तरह से बंद किया जाए, सड़क की तुरंत मरम्मत हो और रात के वक्त हादसों को रोकने के लिए पर्याप्त स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएं। लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो यहां कभी भी कोई बड़ा जानलेवा हादसा हो सकता है।

Dr. Bhanu Pratap Singh