एलपीजी किल्लत की अफवाह फैलाने वालों पर गिरेगी बिजली: सीएम योगी का सख्त आदेश, कालाबाजारी की तो जाएंगे जेल

REGIONAL

​लखनऊ। पश्चिम एशिया में अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर वैश्विक तेल और गैस आपूर्ति पर पड़ने की आशंकाओं के बीच उत्तर प्रदेश सरकार पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई है। प्रदेश में ईंधन की किल्लत को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों और बाजार में पैदा हो रहे ‘पैनिक’ को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कड़ा रुख अपनाया है।

सीएम ने दो-टूक कहा है कि प्रदेश में तेल और गैस का पर्याप्त स्टॉक है, इसलिए भ्रम फैलाने या अवैध भंडारण करने वालों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाए।

अफवाहबाजों पर ‘डिजिटल’ नजर

मुख्यमंत्री के निर्देश मिलते ही पुलिस मुख्यालय ने प्रदेश भर की ‘सोशल मीडिया सेल’ को सक्रिय कर दिया है। भ्रामक खबरें फैलाने वाले अकाउंट्स पर पैनी नजर रखी जा रही है। शासन ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी ने भी गैस या पेट्रोल की कमी को लेकर झूठी पोस्ट डाली या जनता के बीच डर पैदा करने की कोशिश की, तो उसके खिलाफ तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

​छापेमारी और औचक निरीक्षण के निर्देश

​मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों (DM) और पुलिस कप्तानों (SP) को आदेश दिया है कि वे अपने क्षेत्रों में आपूर्ति व्यवस्था सुनिश्चित करें।

अवैध भंडारण पर प्रहार: आपूर्ति विभाग और जिला प्रशासन को गैस एजेंसियों और तेल डिपो का औचक निरीक्षण करने को कहा गया है।

​पेट्रोल पंपों पर पहरा: पेट्रोल पंपों के आसपास भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने के लिए पुलिस को तैनात रहने के निर्देश दिए गए हैं।

कालाबाजारी पर रोक: यदि कोई दुकानदार या एजेंसी संचालक गैस सिलेंडरों का अवैध स्टॉक करता पाया गया, तो उसकी दुकान सीज करने के साथ ही गिरफ्तारी भी की जाएगी।

जनता को असुविधा न हो

सीएम योगी ने प्रशासन को हिदायत दी है कि आम जनता को दैनिक जरूरतों के लिए गैस या तेल प्राप्त करने में कोई कठिनाई नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को तेल कंपनियों के डिपो मैनेजरों के साथ समन्वय बनाकर सुचारू सप्लाई चेन बनाए रखने का जिम्मा सौंपा है।

Dr. Bhanu Pratap Singh