आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा जनपद में मंगलवार तड़के एक और भीषण सड़क हादसा सामने आया है। बाह-फतेहाबाद मार्ग स्थित अरनोटा पुल पर एक तेज रफ्तार ट्रक और स्विफ्ट कार की आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस दर्दनाक हादसे में 5 वर्षीय मासूम बच्ची और एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ही परिवार के सात अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हैं।
नोएडा से भिंड जा रहा था परिवार
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कार चालक भूरी सिंह (निवासी अग्निपुरा, गोहद, जिला भिंड, मध्य प्रदेश) अपने परिवार और साथियों के साथ नोएडा से अपने पैतृक गांव होली मनाने जा रहे थे। कार में कुल 9 लोग सवार थे।मंगलवार तड़के करीब 4:53 बजे जैसे ही उनकी स्विफ्ट कार अरनोटा पुल के पास पहुँची, सामने से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
गैस कटर से काटकर निकाले गए शव
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वह मलबे के ढेर में तब्दील हो गई। हादसे में 5 साल की मासूम बच्ची तनु की मौके पर ही सांसें थम गईं। कार के अगले हिस्से में बैठे रामकुमार (45 वर्ष) बुरी तरह फंस गए थे। सूचना पर पहुँची पुलिस और रेस्क्यू टीम ने करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गैस कटर से कार की बॉडी को काटकर उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी भी मृत्यु हो चुकी थी।
घायलों की हालत नाजुक
हादसे में कार चालक भूरी सिंह, उनकी पत्नी चंद्रिका, पुत्रियां अनन्या व शिवन्या, और रामकुमार की पत्नी रेखा व उनके बच्चे सुशांत और मनदीप गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी घायलों को तत्काल एम्बुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहाँ कई की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
फरार ट्रक चालक की तलाश जारी
दुर्घटना के बाद आरोपी ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रंगों के त्योहार से ठीक पहले हुए इस हादसे ने पूरे गाँव में मातम पसरा दिया है।
रिपोर्टर- नीरज परिहार
- आगरा में खूनी हुआ डीजे विवाद: मामूली कहासुनी के बाद हलवाई की संदिग्ध मौत, 500 रुपये के लेनदेन पर मारपीट का आरोप - March 3, 2026
- आगरा में भीषण सड़क हादसा: अरनोटा पुल पर ट्रक ने कार को रौंदा, होली मनाने घर जा रहे मासूम समेत दो की मौत - March 3, 2026
- Agra News: ऑटो चालक विजयपाल हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा, कुकर्म के विरोध पर नाले में डुबोकर की थी हत्या - March 3, 2026