आगरा। जनपद से चोरी की एक लाइसेंसी राइफल और उससे जुड़े एक शख्स के चार साल लंबे संघर्ष की हैरान करने वाली कहानी सामने आई है। चोरी की एक राइफल ने एक शख्स की जिंदगी के चार साल ऐसे बदल दिए कि उसने न तो बाल कटवाए और न ही दाढ़ी बनवाई। यह कोई फैशन स्टेटमेंट नहीं था, और न ही किसी धार्मिक मन्नत का मामला। यह था अपनी चोरी हुई लाइसेंसी राइफल को वापस पाने का एक अनोखा और अटूट संकल्प। साल 2022 में घर से चोरी हुई राइफल के वापस मिलने तक उदय सिंह पिप्पल ने ठान लिया था कि जब तक राइफल नहीं मिलेगी, वह अपने बाल और दाढ़ी नहीं कटवाएंगे। अब आगरा पुलिस की कार्रवाई में जब वर्षों पुरानी चोरी हुई राइफल बरामद हुई, तो उदय सिंह की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। राइफल मिलने के साथ ही चार साल पुराना उनका संकल्प भी पूरा हो गया है और अब उन्होंने अपने पुराने लुक में वापस लौटने का फैसला किया है।
2022 की वह चोरी, जिसने बदल दिया जीवन
यह पूरा मामला 6 जून 2022 की रात का है। उस रात शातिर बदमाश सैंया थाना क्षेत्र के पूर्व प्रधान उदय सिंह पिप्पल के घर में सेंध लगाकर घुस गए थे। चोर घर से उनकी लाइसेंसी राइफल और 20 कारतूस के साथ-साथ करीब ढाई किलो चांदी, 22 तोला सोना और लगभग चार लाख रुपये नकद चोरी कर ले गए थे।
घटना के तुरंत बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। हालांकि पुलिस ने कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर आंशिक सामान बरामद किया, लेकिन उदय सिंह की सबसे बड़ी चिंता उनकी लाइसेंसी राइफल थी, जिसका कोई सुराग नहीं मिल रहा था। इसी हताशा और उम्मीद के बीच उदय सिंह ने खुद से यह कड़ा संकल्प लिया था।
25 हजार के इनामी की गिरफ्तारी से खुला राज
हाल ही में थाना खेरागढ़ पुलिस, वेस्ट जोन एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में धौलपुर निवासी 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश ध्रुव को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, ध्रुव के खिलाफ विभिन्न थानों में नौ मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी के दौरान उसके कब्जे से एक लाइसेंसी राइफल, दो जिंदा कारतूस, चोरी के 50 हजार रुपये और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई। जब पुलिस ने बरामद राइफल की तहकीकात की, तो चार साल पुरानी उस वारदात का पर्दाफाश हो गया जो वर्ष 2022 में उदय सिंह पिप्पल के घर हुई थी।
चार साल का इंतजार हुआ खत्म
चार साल तक लगातार अपने बाल और दाढ़ी न कटवाने वाले उदय सिंह ने राइफल मिलने के बाद आगरा पुलिस, एसओजी और खेरागढ़ पुलिस टीम का दिल से आभार जताया। उन्होंने कहा कि उनका चार साल का इंतजार आखिरकार रंग लाया और संकल्प पूरा हुआ।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी अपने गिरोह के साथ विभिन्न राज्यों और जिलों में वारदातों को अंजाम देता था, जिसके दो अन्य साथियों की तलाश अभी जारी है। बहरहाल, इस बरामदगी ने न सिर्फ एक पुराना मामला सुलझाया, बल्कि एक शख्स के अटूट संकल्प को भी उसकी मंजिल तक पहुंचा दिया।
- यूपी बोर्ड परीक्षा 2027 का विस्तृत कार्यक्रम घोषित: 5 फरवरी से शुरू होंगी हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की वार्षिक परीक्षाएं - October 12, 2026
- मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट पहुंचा INDIA गठबंधन: राहुल गांधी और अखिलेश यादव समेत 11 नेताओं ने दाखिल की याचिका, मंगलवार को होगी सुनवाई - October 12, 2026
- 6 राज्यों के बदले राज्यपाल: चार नई नियुक्ति, दुष्यंत गौतम को सिक्किम की कमान - October 12, 2026