आगरा कैंट पर आरपीएफ जवान बना ‘देवदूत’: चलती पंजाब मेल के नीचे जा रहे यात्री को मौत के मुंह से खींच निकाला

स्थानीय समाचार

आगरा। आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर गुरुवार दोपहर एक बड़ा रेल हादसा होने से बाल-बाल बच गया। पंजाब मेल एक्सप्रेस में चढ़ने के प्रयास में एक यात्री का पैर फिसल गया और वह सीधे पटरी और प्लेटफार्म के बीच बने गैप की ओर जाने लगा। गनीमत रही कि मौके पर तैनात आरपीएफ जवान ने अपनी जान की परवाह न करते हुए यात्री को सुरक्षित बाहर खींच लिया।

दोपहर 12:16 बजे की घटना

जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 12:16 बजे प्लेटफार्म नंबर-1 पर खड़ी पंजाब मेल एक्सप्रेस जैसे ही चलने लगी, तभी एक यात्री दौड़ते हुए कोच में चढ़ने का प्रयास करने लगा। ट्रेन की गति बढ़ने के कारण यात्री असंतुलित होकर प्लेटफार्म और ट्रेन के बीच फंस गया। यह देखते ही प्लेटफार्म पर ड्यूटी दे रहे आरपीएफ कांस्टेबल श्रीकांत ने तुरंत दौड़ लगा दी।

​मौत के मुंह से खींच निकाला

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यात्री का शरीर आधा ट्रेन के नीचे जा चुका था, लेकिन कांस्टेबल श्रीकांत ने बिना वक्त गंवाए उसे मजबूती से पकड़कर बाहर की ओर खींच लिया। इस साहसिक कदम ने यात्री को कटने से बचा लिया। हादसे के बाद तुरंत ट्रेन रोकी गई और घबराए हुए यात्री को सुरक्षित कोच में बैठाकर रवाना किया गया।

​बार-बार हो रही लापरवाही

गौरतलब है कि आगरा कैंट स्टेशन पर दो दिन पहले भी इसी तरह की लापरवाही सामने आई थी, जहाँ एक महिला चलती ट्रेन में चढ़ते वक्त दो बार गिरी थी। आरपीएफ और रेलवे प्रशासन लगातार यात्रियों से चलती ट्रेन में न चढ़ने की अपील कर रहा है, लेकिन लोग अपनी जान जोखिम में डालकर ऐसी गलतियाँ दोहरा रहे हैं।

कांस्टेबल श्रीकांत की इस बहादुरी की स्टेशन पर मौजूद सभी लोगों और रेल अधिकारियों ने सराहना की है।

Dr. Bhanu Pratap Singh