
उन्नाव/लखनऊ। उत्तर प्रदेश की उन्नाव लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सांसद साक्षी महाराज एक बार फिर अपने तल्ख और बेबाक बयान को लेकर सुर्खियों में हैं। उन्नाव के मवई गांव में 75 वर्षीय रामस्वरूप लोधी की दुखद मृत्यु के मामले पर नाराजगी जताते हुए साक्षी महाराज ने कथित तौर पर मौरावां थाने को ‘दलाली का अड्डा’ बता दिया। उनके इस बयान के बाद प्रदेश के सियासी गलियारों में हड़कंप मच गया है।
समाजवादी पार्टी (SP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने साक्षी महाराज के इस बयान को आड़े हाथों लेते हुए इसे उनके बीजेपी छोड़ने के संकेत से जोड़ दिया है।
;
‘हाथ कंगन को आरसी क्या…’ — अखिलेश का तीखा हमला
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने शुक्रवार को अपने आधिकारिक ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर पोस्ट साझा करते हुए राज्य सरकार और प्रशासनिक व्यवस्था पर जमकर निशाना साधा।
अखिलेश यादव ने लिखा, “हाथ कंगन को आरसी क्या… देखे-भोगे को ‘साक्षी’ क्या… जब सत्ताधारियों के अपने ही सांसद थानों को ‘दलाली का अड्डा’ घोषित कर रहे हैं, तो भ्रष्ट शासन-प्रशासन के बारे में विपक्ष क्या बोले? उन्नाव के सांसद साक्षी महाराज जी तो अपनी ही सरकार के महा-भ्रष्टाचार से हताश होकर कह रहे हैं कि उन्होंने अपने जीवन में ऐसी (भ्रष्ट) पुलिस नहीं देखी। शिकायत बाहर निकलने (पार्टी छोड़ने) का रास्ता भी होती है। भाजपा ही संकट है।”
पीड़ित परिवार से मिलने पहुँचे थे सांसद, अफसरों को लगाई फटकार
मामले के अनुसार, 75 वर्षीय रामस्वरूप लोधी की मौत के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली से असंतुष्ट सांसद साक्षी महाराज बुधवार को पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने मवई गांव पहुँचे थे। इस दौरान मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की ढिलाई पर सांसद का पारा चढ़ गया और उन्होंने अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई।
इस घटनाक्रम का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्हें मौरावां थाने की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए उसे दलाली का अड्डा कहते सुना जा सकता है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन इस वीडियो ने प्रदेश में सत्तापक्ष बनाम विपक्ष की बहस को नया रूप दे दिया है।
- Agra News: ताजगंज के तेलीपाड़ा में स्कूटी का हैंडल लगने पर दो पक्षों में संघर्ष; जमकर हुआ पथराव, 8 नामजद समेत अज्ञात पर मुकदमा दर्ज - November 13, 2026
- आगरा पुलिस कमिश्नरेट में बड़ा फेरबदल; नगर जोन में दरोगाओं के बंपर तबादले, महत्वपूर्ण चौकियों से हटाए गए जमे-जमाए चेहरे - November 13, 2026
- यूपी यूथ कांग्रेस पर अनुशासन का चाबुक; दिल्ली रैली से दूरी बनाने पर 12 जिलाध्यक्षों समेत 68 पदाधिकारियों की छुट्टी - November 13, 2026