नई दिल्ली: कांग्रेस संसदीय दल (CPP) की अध्यक्ष और पार्टी की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम (Instagram) पर आधिकारिक रूप से अपनी शुरुआत कर दी है। अपने इस डेब्यू के साथ ही उन्होंने पहला वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उनकी बहुप्रतीक्षित आत्मकथा (संस्मरण) ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ (Belonging: A Journey of Love) की पहली झलक दिखाई गई है।
अपनी पहली पोस्ट में सोनिया गांधी ने क्या लिखा?
अपनी पहली इंस्टाग्राम पोस्ट में सोनिया गांधी ने अपनी किताब की प्रति की झलक साझा करते हुए अपने समर्थकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कैप्शन में लिखा
”नमस्ते सभी को, आप सभी के साथ इस पल को साझा करते हुए मुझे अत्यंत खुशी हो रही है; पेश है मेरी किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ की पहली झलक।”
वीडियो में सोनिया गांधी किताब के पन्ने पलटते हुए दिखाई दे रही हैं। इस दौरान जब अपनी बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा की तस्वीरों वाला पेज खुलता है, तो सोनिया गांधी मुस्कुराते हुए कहती हैं, “बहुत सारी तस्वीरें हैं, प्रियंका।”
क्यों खास है सोनिया गांधी की यह आत्मकथा?
अपनी किताब के भावुक पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए सोनिया गांधी ने लिखा, “यह प्यार, कर्तव्य, अपनों को खोने के अपूरणीय नुकसान और अपनापन खोजने की एक अनोखी कहानी है। मैं इसे आपके साथ साझा करने के लिए बेहद उत्सुक हूँ।”
यह संस्मरण 79 वर्षीय वरिष्ठ कांग्रेस नेता के पूरे जीवन की अनकही दास्तान बयां करता है। द्वितीय विश्व युद्ध के बाद इटली में बीते उनके बचपन से लेकर, कैम्ब्रिज में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के साथ हुए उनके प्रेम, और भारत आगमन की यात्रा का इसमें पूरा विवरण है। इसके साथ ही, जीवन के उन व्यक्तिगत हादसो विशेष रूप से अपनी सास व पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और पति राजीव गांधी की हत्या की दुखद घटनाओं को याद किया गया है जिन्होंने उनके जीवन और इस देश के साथ उनके जुड़ाव को गहराई से प्रभावित किया।
कब और कहाँ प्रकाशित होगी यह किताब?
अंतरराष्ट्रीय प्रकाशक अल्फ़्रेड ए. नॉफ़ (Alfred A. Knopf) के अनुसार, यह किताब आगामी 10 नवंबर को दुनियाभर में प्रकाशित की जाएगी। अल्फ़्रेड ए. नॉफ़, नॉफ़ डबलडे पब्लिशिंग ग्रुप का एक प्रतिष्ठित ब्रांड है, जो पेंगुइन रैंडम हाउस (Penguin Random House, LLC) का हिस्सा है।
उल्लेखनीय है कि इटली में जन्मीं सोनिया गांधी जब वर्ष 1965 में इंग्लैंड के कैम्ब्रिज में 19 वर्षीय छात्रा थीं, तब उनकी मुलाकात राजीव गांधी से हुई थी। दोनों ने 25 फरवरी, 1968 को विवाह किया था।
राहुल गांधी की भावुक प्रतिक्रिया
हाल ही में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती के अवसर पर, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अपनी मां के इस संस्मरण को लेकर अपनी खुशी और गर्व व्यक्त किया था।
राहुल गांधी ने भावुक संदेश में लिखा ”मुझे बहुत खुशी और गर्व है कि आपकी कहान ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ आखिरकार उन लाखों लोगों तक पहुंचेगी जो आपसे प्यार करते हैं। मैं जानता हूं कि आप जैसी बेहद निजी स्वभाव वाली इंसान के लिए दुनिया के सामने अपनी खूबसूरत कहानी रखना कितना मुश्किल रहा होगा। आज, पापा के जन्मदिन पर, मैं देख सकता हूं कि वे मुस्कुरा रहे हैं और गर्व के साथ अपनी खूबसूरत सोनिया को देख रहे हैं।”
- श्री राम जानकी मित्र मंडल का भव्य अभिनंदन-वंदन समारोह, पंचामृत से पखारे गए प्रभु श्रीराम और स्वरूपों के चरण, भजनों की स्वर लहरियों से झूमे रामभक्त - October 22, 2026
- गाजीपुर में खाकी पर लगे गंभीर दाग: 10वीं की छात्रा ने सिपाही पर लगाया शादी का झांसा देकर यौन शोषण और ब्लैकमेलिंग का आरोप - October 22, 2026
- आगरा में ललित की संदिग्ध मौत मामला: अखिल भारतीय लोधी राजपूत कल्याण महासभा ने पुलिस कमिश्नर से मिलकर आरोपी पुलिसकर्मियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की - October 22, 2026