सीतापुर: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले से रिश्तों को कलंकित करने वाली एक बेहद दर्दनाक और वीभत्स घटना सामने आई है। कमलापुर थाना क्षेत्र के सुजौलिया गांव में आपसी विवाद के दौरान बीच-बचाव करने पहुंची 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला की उसके ही भतीजे ने कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर निर्मम हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बहू पर हमला करने पहुंचा था आरोपी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका के बेटे भोला ने बताया कि वह गुरुवार सुबह अपने खेत पर गया हुआ था। इसी दौरान उसकी मां रामदेवी पड़ोस में रहने वाले अपने चचेरे भाई दीपू के घर गईं, जहां दीपू की पत्नी सरोजनी भी मौजूद थीं।
आरोप है कि उसी वक्त प्रदीप उर्फ शंभु नामक युवक हाथ में कुल्हाड़ी लेकर वहां आ धमका और गालियां देते हुए सरोजनी पर हमला करने के लिए दौड़ा। यह देख रामदेवी ने तुरंत बीच-बचाव किया और अपनी बहू (सरोजनी) को बचाने की कोशिश की। इससे गुस्साए आरोपी भतीजे ने अपनी ही ताई रामदेवी पर कुल्हाड़ी से एक के बाद एक कई गंभीर वार कर दिए।
चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीण, आरोपी को दबोचा
हमले में रामदेवी के सिर और शरीर के अन्य संवेदनशील हिस्सों पर गहरे जख्म आए, जिससे वह मौके पर ही जमीन पर गिर पड़ीं और उनकी दर्दनाक मौत हो गई। किसी तरह जान बचाकर भागी सरोजनी ने शोर मचाया, जिसकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके की ओर दौड़े।
ग्रामीणों को अपनी तरफ आता देख आरोपी वहां से भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन सतर्क ग्रामीणों ने खदेड़ कर उसे दबोच लिया। उधर, मां की हत्या की खबर मिलते ही खेत पर मौजूद बेटा भोला भी बदहवास हालत में घर दौड़ा। घर पहुंचते ही खून से लथपथ शव देखकर पूरे परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस ने शव कब्जे में लिया, आरोपी गिरफ्तार
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी (सीओ) सिधौली वेद प्रकाश श्रीवास्तव और कमलापुर थाना प्रभारी इतुल चौधरी भारी पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और साक्ष्य जुटाने शुरू किए।
अधिकारियों ने बताया कि मृतका के बेटे की तहरीर के आधार पर आरोपी प्रदीप के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा वारदात में इस्तेमाल की गई खून से सनी कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है। शुरुआती जांच में परिजनों का कहना है कि आरोपी मानसिक रूप से कुछ कमजोर है, हालांकि किसी को यह अंदेशा नहीं था कि विवाद इतना हिंसक रूप ले लेगा। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।
- Agra News: शराब पीने का विरोध करने पर पति ने की पत्नी की निर्मम हत्या; बेरहमी से पीटने के बाद रस्सी से घोंटा गला, आरोपी फरार - October 17, 2026
- आगरा में ताजमहल के पूर्वी गेट क्षेत्र के पास मारपीट: येलो जोन में पाठक प्रेस बैरियर के पास भिड़े लोग, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल - October 17, 2026
- Agra News: शादी समारोह के दौरान फरीदाबाद से आए मेहमान की चेन चोरी, मांगलिक कार्यक्रमों के बीच मचा हड़कंप, पुलिस जांच में जुटी - October 17, 2026