लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजनीति में आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर सुगबुगाहट तेज हो गई है। इस बीच, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ के गठन का स्वागत किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि समाज के स्तर पर बदलाव होना ही चाहिए, लेकिन असली सफलता तभी मिलेगी जब ‘राजनीतिक परिवर्तन मोर्चा’ भी पूरी तरह सक्रिय होगा। उन्होंने दावा किया कि इस नए घटनाक्रम से भारतीय जनता पार्टी (BJP) को 2 से 3 प्रतिशत वोटों का और नुकसान उठाना पड़ेगा और राजनीतिक रूप से भाजपा कहीं की नहीं बचेगी।
‘भावनाओं और जुमलों के छलावे से बाहर आएगी जनता’
अखिलेश यादव ने अपने बयान में कहा कि इस तरह के मोर्चों के आने से विपक्ष को यह बड़ा फायदा मिलेगा कि भावनात्मक जुमलों और छलावे में फंसकर जो लोग पूर्व में सांप्रदायिक शक्तियों को अपना मत दे देते थे, वे अब उनके बहकावे में नहीं आएंगे। बहकावे और भोलेपन में वोट देने वाले ऐसे मतदाताओं के लिए अब एक नया और वैकल्पिंक मंच खुला होगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि पीडीए (PDA – पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समाज के कल्याण के लिए जो भी ताकतें सांप्रदायिक ताकतों से वास्तविक संघर्ष करेंगी और वंचितों की आवाज बुलंद करेंगी, उनकी ईमानदार और सच्ची आवाज को अवाम तक पहुँचाने में समाजवादी पार्टी पूरा सहयोग देगी
’लोकतंत्र मजबूत होता है, बशर्ते मंशा साफ हो’
सपा प्रमुख ने नसीहत देते हुए कहा कि केवल बयानों और जुबानी जमाखर्च से राजनीतिक सरगर्मी पैदा करना ही जिनका मुख्य उद्देश्य होता है, जनता उनके हर सच को भली-भांति समझती है। उन्होंने कहा, “सच तो यह है कि ऐसे मोर्चों से लोकतंत्र और अधिक मजबूत होता है, बशर्ते उसके पीछे अपने समाज की भलाई की सच्ची मंशा हो, न कि किसी तीसरे दल का कोई काला मंसूबा। यदि कोई व्यक्ति या मंच राजनीति की कठपुतली बनकर रह जाता है, तो जनता उसकी जमानत तक जब्त करवा देती है।” उन्होंने उम्मीद जताई कि अब सियासत में ‘वोटों की ठेकेदारी प्रथा’ हमेशा के लिए समाप्त होगी और हर कोई अपने समाज के हित में ईमानदारी से काम करेगा।
’पीडीए से बड़ा कोई अन्य विकल्प नहीं’
उत्तर प्रदेश के आगामी चुनावी परिदृश्य पर चर्चा करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि बहुत दिनों से अपेक्षित इस घटनाक्रम के सामने आने के बाद आज यह पूरी तरह स्पष्ट हो गया है कि यूपी के विधानसभा चुनावों में जिस दल या मोर्चे का आधारभूत वोट (Base Vote) सबसे अधिक मजबूत होगा, वास्तव में ‘परिवर्तन’ चाहने वाली जनता उसी की तरफ अपना रुख करेगी। उन्होंने पुरजोर शब्दों में कहा कि इस पूरे संदर्भ में ‘पीडीए’ (PDA) के अलावा प्रदेश में कोई दूसरा बड़ा और प्रभावी विकल्प है ही नहीं।
- लखनऊ में ‘जीरो वेस्ट’ और स्वच्छ छठ महापर्व की भव्य तैयारियां पूरी; 110 घाटों पर प्रकाश, सुरक्षा और स्वच्छता का चाक-चौबंद प्रबंध - November 13, 2026
- ’सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ का अखिलेश यादव ने किया स्वागत; बोले— भाजपा को होगा 2-3% वोटों का नुकसान, ‘पीडीए’ ही सबसे बड़ा विकल्प - November 13, 2026
- सोनौली बॉर्डर पर फर्जी भारतीय पहचान के साथ इंडोनेशियाई महिला गिरफ्तार; 2005 से नाम बदलकर भारत में रह रही थी - November 13, 2026