सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी ने किया धर्म परिवर्तन की खबरों का खंडन: बोले— “हिंदू धर्म में पैदा हुआ, धर्म बदलने का कोई इरादा नहीं”

POLITICS

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी के कथित धर्म परिवर्तन को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं और वायरल वीडियो पर खुद सपा नेता ने विराम लगा दिया है। राजकुमार भाटी ने इन तमाम दावों को कोरी अफवाह बताते हुए स्पष्ट किया है कि उनका धर्म बदलने का न तो कोई इरादा है और न ही इसकी कोई आवश्यकता है। उन्होंने खुद को हिंदू धर्म में जन्मा और आस्थावान बताते हुए बीजेपी आईटी सेल पर दुष्प्रचार करने का गंभीर आरोप लगाया है।

​अंबेडकर भवन के कार्यक्रम में शामिल हुए थे भाटी

बीते 20 अक्टूबर को नई दिल्ली के रानी झांसी रोड स्थित अंबेडकर भवन में भारतीय बौद्ध महासभा द्वारा एक ‘विशाल धम्म दीक्षा समारोह’ का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में राजकुमार भाटी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे, जहाँ डॉ. भीमराव आंबेडकर की 22 प्रतिज्ञाएं दोहराई गई थीं। इस दौरान मंच पर शपथ लेते हुए उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था, जिसके बाद उनके हिंदू धर्म त्यागने की चर्चाएं तेज हो गईं।

“सच्चा समाजवादी हर धर्म का सम्मान करता है”

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए अपनी सफाई देते हुए राजकुमार भाटी ने लिखा, “एक सच्चा समाजवादी होने के नाते मैं प्रत्येक धर्म, जाति और समुदाय का सम्मान करता हूँ। मैं सिखों के बुलावे पर गुरुद्वारे जाता हूँ, मुस्लिम भाइयों की मजलिसों में शामिल होता हूँ और हिंदू धर्म के तीज-त्योहारों में भी भाग लेता हूँ।”

​उन्होंने आगे कहा कि बौद्ध धर्म और गौतम बुद्ध की शिक्षाओं के साथ-साथ बाबा साहब के विचारों के प्रति उनके मन में गहरा आदर है। हालांकि, इसका यह अर्थ नहीं कि उन्होंने अपना धर्म छोड़ दिया है। उन्होंने दोटूक शब्दों में कहा, “मुझे धर्म परिवर्तन करने की न तो कोई आवश्यकता है और न ही ऐसा मेरा कोई इरादा है। हम किसी भी धर्म में रहकर मानवता की सेवा कर सकते हैं और छुआछूत, पाखंड तथा भेदभाव के खिलाफ आवाज उठा सकते हैं।” उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे बीजेपी आईटी सेल के दुष्प्रचार और भ्रम में न पड़ें।

​बीजेपी नेता रोहन गुप्ता ने समाजवादी पार्टी को घेरा

इस पूरे घटनाक्रम के बाद भारतीय जनता पार्टी ने समाजवादी पार्टी पर जोरदार हमला बोला है। बीजेपी नेता रोहन गुप्ता ने राजकुमार भाटी का घेराव करते हुए सोशल मीडिया पर तंज कसा कि चुनाव नजदीक आते ही हिंदू होने का दिखावा करने वाली सपा की असलियत अब जनता के सामने बेनकाब हो गई है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सपा नेता हिंदू देवी-देवताओं और आस्था को नकारने वाली प्रतिज्ञाओं से जुड़े कार्यक्रमों में शामिल होते हैं, तो पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव को इस पर अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

Dr. Bhanu Pratap Singh