सुल्तानपुर/लखनऊ। आम आदमी पार्टी (AAP) के उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने गुरुवार को सुल्तानपुर में एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के हालिया बयान पर जोरदार पलटवार किया है। पंजाब की एक रैली के दौरान खड़गे द्वारा आम आदमी पार्टी को भारतीय जनता पार्टी की ‘बी’ (B) टीम बताए जाने पर आक्रोश जताते हुए सांसद संजय सिंह ने कांग्रेस के राजनीतिक इतिहास और उसके विधायकों की खरीद-फरोख्त का पूरा कच्चा चिट्ठा खोलकर रख दिया। उन्होंने कहा कि असल में पूरब से पश्चिम और उत्तर से दक्षिण तक देश भर में भाजपा की सरकारें बनवाने का अक्षम्य अपराध स्वयं कांग्रेस पार्टी ने किया है।
विधायक बेचकर BJP की सरकारें बनवाती है कांग्रेस: संजय सिंह
कांग्रेस अध्यक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए संजय सिंह ने कहा कि 2016 में अरुणाचल प्रदेश में जनता ने कांग्रेस को जनादेश दिया था, लेकिन पूरी की पूरी कांग्रेस पार्टी और उसके विधायक भाजपा में शामिल हो गए और भाजपा की सरकार बनवा दी। इसी प्रकार 2016 में उत्तराखंड में 9 विधायक, 2017 में गोवा में 13 विधायक और 2022 में फिर 8 विधायक, 2019 में कर्नाटक में 13 विधायक तथा 2020 में मध्य प्रदेश में 22 कांग्रेसी विधायक टूटकर भाजपा की झोली में गिर गए, जिससे भाजपा सत्ता में आई।
उन्होंने कहा कि जब पूरे देश में कांग्रेस के विधायक टूट-टूट कर भाजपा को मजबूत कर रहे हैं, तो ऐसी पार्टी को आम आदमी पार्टी पर सवाल उठाने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।
AAP नेता संघर्ष कर जेल गए, कांग्रेस अपने चार नेताओं के नाम बताए
संजय सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी वह जुझारू दल है जिसके शीर्ष नेता और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भाजपा से सीधी लड़ाई लड़ते हुए जेल गए। पूर्व शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन और स्वयं वे (संजय सिंह) महीनों जेल में रहे। विपक्ष के अन्य नेताओं में हेमंत सोरेन, टीएमसी और डीएमके के तमाम दिग्गज जेल गए। उन्होंने सवाल उठाया कि कांग्रेस बताए कि भाजपा से लड़ते हुए उनके कौन से चार बड़े राष्ट्रीय नेता जेल गए हैं? कांग्रेस के पास अब अपनी कोई साख नहीं बची है और वह अपनी नाकामी छिपाने के लिए आप पर अनर्गल आरोप लगा रही है।
दशकों से दर्जनों राज्यों में हार रही है कांग्रेस
कांग्रेस की चुनावी विफलताओं का ब्योरा देते हुए सांसद संजय सिंह ने आंकड़ों के जरिए हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस तमिलनाडु में 59 साल, पश्चिम बंगाल में 54 साल, सिक्किम में 47 साल, त्रिपुरा में 38 साल, उत्तर प्रदेश में 37 साल, बिहार में 36 साल, गुजरात में 31 साल और ओडिशा में 26 साल से लगातार चुनाव हार रही है। इसके अलावा मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, हरियाणा, आंध्र प्रदेश, असम, उत्तराखंड, गोवा, मणिपुर और अरुणाचल प्रदेश में भी वह पिछले 10 से 23 सालों से शिकस्त झेल रही है।
उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि जब इन राज्यों में आम आदमी पार्टी का अस्तित्व भी नहीं था, तब कांग्रेस क्यों हार रही थी?
पूर्व मुख्यमंत्रियों को भाजपा में जाने से रोक नहीं पाई कांग्रेस
संजय सिंह ने कहा कि कांग्रेस अपने कद्दावर नेताओं को एकजुट रखने में पूरी तरह नाकाम साबित हुई है।
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण, पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह, आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री किरण रेड्डी और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा—ये सभी बड़े चेहरे कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए। जो पार्टी अपने पूर्व मुख्यमंत्रियों को नहीं संभाल सकती, वह दूसरों को नसीहत देने का ढोंग न करे।
भगवंत मान के काम पर पंजाब को गर्व, अकेले चुनाव लड़ेगी AAP
राहुल गांधी द्वारा पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर की गई टिप्पणियों का जवाब देते हुए संजय सिंह ने कहा कि 92 सीटों के प्रचंड बहुमत वाली मान सरकार ने जनता को 300 यूनिट मुफ्त बिजली, ₹10 लाख तक का मुफ्त इलाज, 30 साल से सूखी पड़ी नहरों में पानी, रिकॉर्ड सरकारी नौकरियां और किसानों को दिन में बिजली दी है।
प्रेस वार्ता के दौरान गठबंधन से जुड़े सवालों पर विराम लगाते हुए सांसद संजय सिंह ने स्पष्ट किया कि आम आदमी पार्टी अब ‘इंडिया’ (INDIA) गठबंधन का हिस्सा नहीं है। पार्टी स्वतंत्र रूप से देश भर में अपने संगठन का विस्तार कर रही है और आगामी सभी चुनाव अकेले अपने दम पर लड़ेगी।
भाजपा पर भी साधा निशाना, पराली पर दिया आंकड़ा
नितिन नबीन के नेतृत्व में भाजपा द्वारा चलाए जा रहे ‘अराजकता विरोधी’ अभियान पर तंज कसते हुए संजय सिंह ने कहा कि भाजपा खाली कुर्सियों के सामने आंदोलन का नाटक कर रही है। देश की सबसे बड़ी अराजक पार्टी स्वयं भाजपा है।
प्रदूषण के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार ने पराली जलाने की घटनाओं में 90% की ऐतिहासिक कमी दर्ज की है, जबकि भाजपा शासित उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में पराली जलाने के मामले बढ़े हैं। केंद्र सरकार को आंकड़ों के साथ इस विषय पर खुली बहस करनी चाहिए।
- संजय सिंह का खड़गे के ‘B टीम’ वाले बयान पर करारा पलटवार: बोले— देश भर में बीजेपी की सरकारें बनवाने का अपराध स्वयं कांग्रेस ने किया - November 5, 2026
- त्योहारों पर यूपी पुलिस की छुट्टियां निरस्त: डीजीपी राजीव कृष्ण का सख्त आदेश, 5 से 17 नवंबर तक अलर्ट मोड पर रहेगा पुलिस बल - November 5, 2026
- प्यार, धोखा और आर्थिक शोषण की दर्दनाक दास्तान: शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म? आगरा से ट्रांसफर जीरो एफआईआर पर 40 दिन बाद भी उत्तराखंड पुलिस मौन - November 5, 2026