उत्तर प्रदेश के तमाम जिलों में लगातार बरस रहे बादलों ने आम जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। कई इलाकों में तो हालात ऐसे बन गए हैं कि बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है, तो वहीं शहरों में भारी जलभराव के चलते सड़कें किसी बड़े तालाब में तब्दील नजर आ रही हैं। इस खराब मौसम के बीच देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में जलभराव की समस्या को लेकर नगर निगम पर तीखे सवाल उठने लगे हैं। शहर की बदहाल सड़कों और पानी से लबालब भरे इलाकों को मुद्दा बनाते हुए समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सरकार पर जमकर निशाना साधा है।
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए तंज कसा, ‘काशी के क्योटो में हुआ चमत्कार… पानी पर चल गयी दो पहिया नाव… जनता पूछ रही है कि पचासों हज़ार के बजट से काशी को स्मार्ट सिटी बनाने का जो दावा था उस पर किसने ये पानी फेर दिया? कहीं दिल्लीवालों का काम लखनऊवालों ने तो चौपट नहीं कर दिया। न गंगा साफ़ हुई, न वरुणा और न ही काशी के नाले तभी तो नल को छोड़कर हर तरफ़ जल ही जल है।’
अपनी बात को और तीखा बनाते हुए सपा प्रमुख ने आगे लिखा, ‘ अगर दूरबीन और ड्रोन काम नहीं कर रहा है तो रडार से ही दिखवा लें वैसे भी अब बादल नहीं है। अगर फिर भी न दिखाई दे तो यूपी के बुलडोज़र पर चढ़कर देख लें, कम से कम कभी तो बुलडोज़र का सकारात्मक इस्तेमाल हो।’
अखिलेश यादव की यह टिप्पणी एक वायरल वीडियो के संदर्भ में सामने आई है, जिसमें एक स्कूटी सवार युवती शहर की बदतर सड़कों और भारी जलभराव पर व्यंग्य करती हुई दिखाई दे रही है। पानी से लबालब भरी सड़क की तरफ इशारा करते हुए वह युवती यह दावा करती नजर आती है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली कैंट विधानसभा 390 की वर्तमान में यही हकीकत है।
वह तंज भरे लहजे में कहती है कि ‘मोदी जी का क्योटो देखने लायक है, क्योटो का आनंद लेने जा रही हूं। 10 मिनट की बारिश के बाद ये हालत हो जाती है, मोदी जी के संसदीय क्षेत्र बनारस की।’ यहां यह भी उल्लेखनीय है कि पीएम नरेंद्र मोदी ने भारत और जापान के बीच हुए वाराणसी-क्योटो पार्टनर सिटी समझौते के तहत 30 अगस्त 2014 को काशी को जापान के प्रसिद्ध शहर क्योटो की तर्ज पर विकसित करने का ऐलान किया था, जिसे लेकर अब विपक्ष सरकार को लगातार घेर रहा है।
- आगरा के ऐतिहासिक गुरुद्वारा गुरु का ताल में दर्शन ड्योढ़ी का भव्य उद्घाटन: रिमझिम वर्षा के बीच संगत को समर्पित हुआ नया प्रवेश द्वार, अब दोगुनी होगी लंगर हॉल की क्षमता - September 6, 2026
- श्याम बाबा की भक्ति और ब्रज संस्कृति के रंग में रंगा नंदोत्सव: राजा जनक-सुनैना के स्वरूपों का हुआ अभिनंदन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन - September 6, 2026
- Agra News: फतेहाबाद में लूट गैंग से पुलिस की मुठभेड़; हुसैनापुर रोड पर फायरिंग के बाद एक बदमाश के पैर में लगी गोली, दो आरोपी गिरफ्तार - September 6, 2026