लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के चिनहट थाना क्षेत्र के मल्हौर इलाके में संदिग्ध परिस्थितियों में एक महिला की मौत का मामला सामने आया है। मृतका अनीता कनौजिया (नीतू), बरेली की जिला सूचनाधिकारी की बहन थीं। इस घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज व प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
मौत से कुछ मिनट पहले व्हाट्सएप ग्रुप पर भेजा संदेश
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, परिवार का एक व्हाट्सएप ग्रुप बना हुआ है। बीते बुधवार की सुबह करीब 9:49 बजे अनीता ने उस ग्रुप पर एक संदेश लिखा, जिसमें उन्होंने अपनी सास को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया। इस सनसनीखेज मैसेज को देखते ही परिजनों के होश उड़ गए। मृतका की बहन उमंग और अन्य पारिवारिक सदस्यों ने तुरंत अनीता के पति राहुल को फोन किया, तो उसने बताया कि वह अपने ऑफिस में है। जब परिजन मौके पर पहुंचे, तो अनीता का शव संदिग्ध हालत में मिला।
गला दबाकर हत्या का आरोप और पुलिस की कार्रवाई
मृतका की बहन उमंग ने आरोप लगाया कि अनीता की सास कमला देवी और ससुराल पक्ष के अन्य लोग उसे लंबे समय से प्रताड़ित कर रहे थे। परिजनों का दावा है कि अनीता की गला दबाकर हत्या की गई है और इस पूरी घटना को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया जा रहा है।
सूचना मिलते ही चिनहट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। चिनहट इंस्पेक्टर दिनेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि मृतका के परिजनों की ओर से तहरीर प्राप्त हो गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर निष्पक्ष जांच कर रही है।
- अंकिता भंडारी मर्डर केस: दुष्यंत गौतम को राज्यपाल बनाने का विरोध, धरने पर बैठे माता पिता को तड़के हिरासत में लिया, 2 घंटे बाद छोड़ा - October 15, 2026
- गोस्वामी तुलसीदास की रामचरितमानस की 52 घंटे की संगीतमय प्रस्तुति: गायिका मधुश्री और संगीतकार रॉबी बादल की अनूठी पहल का टीजर लॉन्च - October 15, 2026
- डिजिटल ठगी से लेकर एआई के खतरनाक खेल तक: फिल्मों और वेब सीरीज के जरिए पर्दे पर बेनकाब हो रही तकनीक की काली दुनिया - October 15, 2026