रक्षाबंधन पर महिलाओं के लिए मुफ्त बस सेवा को लेकर गरमाई यूपी की राजनीति, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह बोले- अखिलेश जी एसी कमरों से बाहर निकलकर देखिये हकीकत

POLITICS

लखनऊ। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर उत्तर प्रदेश की योगी सरकार द्वारा महिलाओं को दी गई मुफ्त बस यात्रा की सौगात को लेकर सूबे की राजनीति गर्मा गई है। सरकार के इस फैसले के बीच सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो वायरल हुए, जिन्हें आधार बनाकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सरकार पर जमकर निशाना साधा। इसके बाद अब उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने अखिलेश यादव के बयानों पर कड़ा पलटवार करते हुए उन्हें आईना दिखाया है और नसीहत दी है कि वे एयर कंडीशनर कमरों से बाहर निकलकर जमीनी हकीकत देखें।

​राज्य के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, ‘‘अखिलेश जी, एसी कमरों से बाहर निकलिए और वास्तविक हकीकत देखिए! जब आप अपनी आंखों से नकारात्मकता का चश्मा उतारेंगे, तभी आपको प्रदेश की बहनों की सच्ची खुशी दिखाई देगी। योगी सरकार ने रक्षाबंधन के पावन अवसर पर माताओं-बहनों को उनके सहयात्री सहित तीन दिन की जो ऐतिहासिक मुफ्त बस सेवा की सौगात दी है, उसका लाभ सीधे तौर पर धरातल पर नजर आ रहा है।’’

आंकड़ों का हवाला देकर दिया करारा जवाब

दयाशंकर सिंह ने आगे कड़े शब्दों में कहा कि आपकी झूठी राजनीति को सरकारी आंकड़ों ने पूरी तरह से करारा जवाब दे दिया है। योजना के पहले ही दिन कुल 9 लाख से अधिक यात्रियों ने इस शानदार सुविधा का लाभ उठाया है। इसमें 6 लाख से अधिक बहनों और 3 लाख से अधिक उनके सहयात्रियों को पूरी तरह निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा मिली है।

​उन्होंने आगे लिखा, ‘‘सत्य को कभी भी झुठलाया नहीं जा सकता। उत्तर प्रदेश की बहनें आज योगी सरकार की इस बेहतरीन सुविधा के जरिए पूरी तरह सुरक्षित और ससम्मान अपने भाइयों के घर पहुंच रही हैं तथा मुख्यमंत्री जी को अपने ‘बड़े भाई’ के रूप में हृदय से धन्यवाद दे रही हैं। अपनी तुच्छ राजनीति के लिए इस पावन त्योहार के अवसर पर जनता के बीच भ्रम फैलाना अब बंद कीजिए।’’

​अखिलेश यादव ने साधा था निशाना

इससे पहले सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए सरकार को घेरा था। उन्होंने वीडियो के साथ लिखा था, ‘‘बे-बस बहन: रक्षाबंधन पर मुफ्त बस का वादा करके बस ही हटवा दी! ‘प्राण जाए पर वचन न जाए’ कहने वाले रघुवंशियों तक को ठग लेने वाले ये भाजपाई क्या कभी अपना वचन निभाएंगे।’’

तीन दिनों तक नि:शुल्क यात्रा की है व्यवस्था

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश सरकार ने रक्षाबंधन के पावन पर्व के मद्देनजर महिलाओं को बड़ी राहत देते हुए तीन दिनों तक रोडवेज बसों में निःशुल्क यात्रा करने का तोहफा दिया है। इस विशेष व्यवस्था के तहत 27 अगस्त से 29 अगस्त तक प्रदेश की महिलाएं और उनके सहयात्री उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में बिना किसी शुल्क के यात्रा कर सकते हैं।

Dr. Bhanu Pratap Singh