मुंबई/लखनऊ: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के मुख्यमंत्री चेहरे पर बयानबाजी और कयासबाजी का दौर तेज हो गया है। एक ओर जहां उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का कहना है कि मुख्यमंत्री के नाम का फैसला चुनावों के दौरान किया जाएगा, वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कहना है कि यह सभी जानते हैं कि सीएम चेहरा कौन है। बीजेपी नेताओं के इन बयानों के बीच शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के सांसद संजय राउत ने सीएम योगी आदित्यनाथ की खुलकर सराहना की है। उन्होंने योगी को हिंदुत्व का सबसे बड़ा चेहरा करार देते हुए यहां तक कह दिया कि अगर ‘योगी नहीं तो यूपी नहीं’।
दरअसल, शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत मुंबई में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान पत्रकारों ने उनसे सवाल किया कि योगी आदित्यनाथ ने खुद को सीएम चेहरा बताया है, जबकि बीजेपी में अमूमन ऐसा पहले नहीं देखा गया है। इस सवाल का जवाब देते हुए संजय राउत ने कहा, “अगर योगी ने खुद को घोषित किया है तो काबिले तारीफ है… काबिल आदमी हैं। हम भी योगी जी को बहुत प्यार करते हैं… योगी जी हिंदुत्व का एक ऐसा चेहरा हैं जो सबसे ऊपर हैं। अगर योगी नहीं तो यूपी नहीं… योगी जी ही रहेंगे न यूपी में। अगर योगी जी ने खुद को कहा है कि मैं मुख्यमंत्री हूं तो योगी जी को पूरा विश्वास है कि यूपी में उनको बहुमत मिलेगा और उनको समर्थन देने वाले विधायक ज्यादा से ज्यादा रहेंगे।”
गौरतलब है कि संजय राउत का यह बयान ऐसे समय पर आया है जब पिछले कुछ समय से बीजेपी के भीतर कथित मनमुटाव की खबरें सुर्खियां बनती रही हैं। सीएम चेहरे को लेकर योगी आदित्यनाथ और केशव प्रसाद मौर्य की ओर से आए अलग-अलग बयानों से राजनीतिक हलकों में अटकलों का बाजार गर्म है। ऐसे माहौल में शिवसेना यूबीटी नेता द्वारा योगी आदित्यनाथ को हिंदुत्व का सबसे बड़ा चेहरा बताए जाने से एक नई राजनीतिक बहस छिड़ गई है।
- विप्र सेवा संघ का 10वां स्थापना दिवस: जयपुर में होगा राष्ट्रीय गौरव सम्मान–2026 समारोह - November 27, 2026
- ‘योगी हिंदुत्व का सबसे बड़ा चेहरा, अगर योगी नहीं तो यूपी नहीं’, शिवसेना यूबीटी नेता संजय राउत ने बांधे सीएम योगी की तारीफों के पुल - November 27, 2026
- बीजेपी विधायक ओम कुमार को इलाहाबाद हाईकोर्ट से बड़ा झटका: नहटौर से निर्वाचन रद्द, विधायकी खत्म; 15 दिन में सुप्रीम कोर्ट जाने की छूट - November 27, 2026