यूपी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी तेज, सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने INDIA गठबंधन के सीट समझौते के लिए बनाई चार सदस्यीय कमेटी

POLITICS

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए INDIA गठबंधन के भीतर सीटों के तालमेल को अंतिम रूप देने के लिए समाजवादी पार्टी ने अपनी तैयारी तेज कर दी है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को गठबंधन के सहयोगियों के साथ सीटों के बंटवारे पर बातचीत के लिए एक अधिकारिक कमेटी का गठन कर दिया है। 4 सदस्यीय इस उच्चस्तरीय समिति में पार्टी के अनुभवी नेताओं के साथ-साथ युवा चेहरों को भी प्रतिनिधित्व दिया गया है।

समाजवादी पार्टी के आधिकारिक एक्स (पूर्व में ट्विटर) हैंडल से दी गई जानकारी के अनुसार, आगामी विधानसभा चुनाव हेतु INDIA गठबंधन के अंतर्गत सीट समझौते के लिए बनाई गई इस कमेटी में राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव ​प्रो. रामगोपाल यादव, प्रदेश अध्यक्ष, समाजवादी पार्टी ​श्यामलाल पाल, सांसद राजीव राय, सांसद, इकरा चौधरी को शामिल किया गया है।

अनुभव और युवा ऊर्जा के संतुलन से साधने की कोशिश

​राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अखिलेश यादव ने इस कमेटी में पार्टी के थिंक टैंक माने जाने वाले प्रो. रामगोपाल यादव के नेतृत्व के साथ प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल और युवा सांसदों राजीव राय व इकरा चौधरी को शामिल कर अनुभव और ऊर्जा का बेहतरीन संतुलन बनाया है। कैराना से सांसद इकरा चौधरी और घोसी से सांसद राजीव राय की मौजूदगी से पार्टी गठबंधन वार्ता में सभी वर्गों और क्षेत्रों के समीकरणों का ध्यान रखेगी।

​कांग्रेस के साथ जल्द शुरू होगी औपचारिक सीट शेयरिंग की टेबल टॉक

गौरतलब है कि एक तरफ जहां कांग्रेस नेताओं प्रमोद तिवारी, आराधना मिश्रा मोना और इमरान मसूद के जरिए सीट बंटवारे की राह आसान करने की कोशिश कर रही है, वहीं सपा ने भी अपनी आधिकारिक कमेटी घोषित कर यह साफ कर दिया है कि वह गठबंधन के तहत मजबूती और गंभीरता से चुनाव लड़ना चाहती है। अब यह कमेटी कांग्रेस और अन्य सहयोगी दलों के प्रतिनिधियों के साथ टेबल टॉक कर सीटों के आवंटन का फॉर्मूला तय करेगी।

Dr. Bhanu Pratap Singh