आगरा: फतेहपुर सीकरी कस्बे में बृहस्पतिवार दोपहर बेखौफ शातिर चोरों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए एक शिक्षक की स्कूटी की डिग्गी से 47 हजार रुपये की नकदी से भरा बैग पार कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पीड़ित शिक्षक ने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
बैंक से पैसे निकालकर स्कूटी की डिग्गी में रखे थे शिक्षक ने
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम नगला सराय बंजारा स्थित कम्पोजिट विद्यालय के प्रभारी प्रधानाचार्य राजेश कुमार बृहस्पतिवार दोपहर स्कूल के शासकीय एवं विकास कार्यों के लिए धनराशि निकालने फतेहपुर सीकरी स्थित केनरा बैंक की शाखा गए थे। बैंक से उन्होंने विद्यालय खाते से 40 हजार रुपये की राशि निकाली। इसके बाद उन्होंने निकाली गई नकदी और अपना व्यक्तिगत पर्स (जिसमें 7 हजार रुपये रखे थे) अपने स्कूल बैग में संभालकर रखा और बैग को अपनी स्कूटी की डिग्गी में बंद कर दिया।
इसके बाद वे कुछ जरूरी काम निपटाने चले गए। थोड़ी देर बाद जब वे वापस लौटे और स्कूटी की डिग्गी खोली, तो अंदर रखा बैग गायब देखकर उनके होश उड़ गए।
पीछा कर वारदात देने की आशंका, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
आशंका जताई जा रही है कि शातिर उचक्के बैंक से ही शिक्षक का पीछा कर रहे थे और जैसे ही उन्हें मौका मिला, उन्होंने स्कूटी की डिग्गी का लॉक तोड़कर या चालाकी से खोलकर रुपयों से भरा बैग पार कर दिया।
घटना की सूचना पर फतेहपुर सीकरी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और आसपास के दुकानदारों व प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की। पीड़ित शिक्षक राजेश कुमार ने अज्ञात चोरों के खिलाफ थाने में लिखित तहरीर दर्ज कराई है।
पुलिस आसपास की दुकानों और बैंक परिसर के बाहर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि संदिग्धों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
- गूगल बाबा के नाम से विख्यात मुनिश्री समत्व सागर जी का आगरा के ट्रांस यमुना में मंगल प्रवेश, दर्शनों को उमड़ा जैन समाज - October 30, 2026
- करवा चौथ की रात मथुरा में हाईवोल्टेज फैमली ड्रामा: प्रेमी के कमरे में पत्नी को पति ने रंगे हाथों पकड़ा, देवरानी-जेठानी में चले लात-घूंसे - October 30, 2026
- जालौन के खेत में चल रही थी ड्रग्स की सीक्रेट लैब: डीआरआई और एटीएस के छापे में 5 करोड़ की मेफेड्रोन बरामद - October 30, 2026