आगरा। किसी पिता के लिए बेटी का विवाह उसके जीवन का सबसे भावुक पल होता है, लेकिन आर्थिक अभाव के कारण जब यह सपना अधूरा रह जाए तो समाज की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। इसी जिम्मेदारी को आत्मीयता से निभाते हुए लायंस क्लब प्रयास ने सात निर्धन कन्याओं का कन्यादान कर उनके जीवन में खुशियों की नई शुरुआत की।
रविवार को दयालबाग के बूढ़ी के नगला स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में सात दूल्हे घोड़ों पर सवार होकर अपनी दुल्हनों को ब्याहने पहुंचे। बैंड-बाजों और मंगलगीतों के बीच सातों जोड़ों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अग्नि को साक्षी मानकर सात फेरे लिए और सात वचनों के साथ जीवनभर एक-दूसरे का साथ निभाने का संकल्प लिया। इस दौरान विवाह की खुशियों के साथ परिजनों की आंखें भी कई बार नम हो गईं।
समारोह की मुख्य अतिथि एडीजी आगरा की पत्नी शेफाली भगत ने सभी नवविवाहित कन्याओं को चांदी के सिक्के भेंट किए। उन्होंने कहा कि लायंस क्लब प्रयास का यह बेहद खूबसूरत और सराहनीय प्रयास है। हर जोड़े के लिए विवाह जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव होता है। किसी जरूरतमंद परिवार के इस सपने को साकार करने में सहयोग देना सच्चे अर्थों में मानवता की सेवा है।
विशिष्ट अतिथि लायंस क्लब के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष जितेंद्र चौहान ने कहा कि जरूरतमंद परिवारों की मदद करना समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। लायंस क्लब प्रयास ने सात कन्याओं के विवाह की जिम्मेदारी निभाकर अनुकरणीय कार्य किया है। सभी नवदंपतियों को सुखद, समृद्ध और खुशहाल वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं।
क्लब की पूर्व अध्यक्ष अशु मित्तल ने बताया कि सातों जोड़ों को क्लब की ओर से सोने-चांदी के आभूषण, मंगलसूत्र सहित गृहस्थी का आवश्यक सामान भेंट किया गया, ताकि बेटियां अपने नए जीवन की शुरुआत सम्मान और खुशियों के साथ कर सकें।
अध्यक्ष गीतिका अग्रवाल ने कहा कि क्लब का उद्देश्य केवल विवाह संपन्न कराना नहीं, बल्कि उन परिवारों की चिंता और जिम्मेदारी को साझा करना है, जो आर्थिक परिस्थितियों के कारण अपनी बेटियों के विवाह को लेकर चिंतित रहते हैं। सात बेटियों को नए जीवन की दहलीज तक पहुंचाना क्लब के लिए गर्व और आत्मसंतोष का विषय है।
समारोह के अंत में अतिथियों एवं क्लब पदाधिकारियों ने सभी नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देकर भावपूर्ण विदाई दी। संचालन अशु मित्तल ने किया।
इस अवसर पर क्लब की अध्यक्ष गीतिका अग्रवाल, सचिव आलोक अग्रवाल, कोषाध्यक्ष पुनीत बागला, संजीव मित्तल, विनीत खेड़ा, अनिल मगन आदि उपस्थित रहे।
- 2027 चुनाव से पहले यूपी पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल: शासन ने 144 डीएसपी और एसीपी स्तर के अधिकारियों का किया तबादला - November 22, 2026
- नवरंग कांग्रेस की आगरा में हुंकार: शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार को एजेंडा बना चुनाव के मैदान में उतरेगी पार्टी - November 22, 2026
- दयालबाग के महाकालेश्वर मंदिर में लायंस क्लब प्रयास ने कराया 7 निर्धन कन्याओं का सामूहिक विवाह: घोड़ों पर सवार होकर पहुंचे दूल्हे - November 22, 2026