नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में इंडिया गठबंधन (INDIA Alliance) के सुप्रीम कोर्ट मार्च से ठीक पहले इंदिरा भवन में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर बेहद तीखे राजनीतिक प्रहार किए हैं। राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का बचाव करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार बहुत बड़ी गलती कर रही है और यह लड़ाई सीधे तौर पर ‘जनता बनाम मोदी, शाह और ज्ञानेश’ की बन चुकी है।
राहुल गांधी ने पुलिसकर्मियों के समर्थन पर क्या कहा?
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने आगे कहा कि लोगों को दिल्ली आने से रोका जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरी दिल्ली को किले में बदल दिया गया है और हर तरफ पुलिसकर्मी तैनात हैं। राहुल ने कहा कि दिल्ली में 20 से 30 हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती से पता चलता है कि सरकार ज्ञानेश कुमार को बचाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली पुलिस के करीब 50 फीसदी कर्मचारी उनसे सहमत हैं और कह रहे हैं कि वह जो कर रहे हैं, वह सही है।
राहुल गांधी ने कहा कि पुलिस और प्रशासन के लोग भी सरकार से नाराज हैं। उनके मुताबिक, पुलिसकर्मी पूछते हैं कि युवाओं को उनसे क्यों पिटवाया जा रहा है? क्योंकि वे बच्चों के साथ बदसलूकी नहीं करना चाहते। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और आरएसएस से जुड़े लोग युवाओं पर अत्याचार कर रहे हैं। राहुल ने कहा कि सरकार वोट चोरी के खिलाफ आंदोलन को दबाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि ज्ञानेश कुमार इस्तीफा क्यों नहीं दे रहे हैं? राहुल के मुताबिक, सरकार ने उनके खिलाफ प्रदर्शन के लिए कोई जगह नहीं दी और प्रदर्शनकारियों को जंतर-मंतर तक नहीं जाने दिया जा रहा है।
केंद्र सरकार के 200 अफसर हमारे संपर्क में
राहुल गांधी ने दावा किया कि सरकार के 200 अधिकारी विपक्ष के संपर्क में हैं और उन्हें जानकारी दे रहे हैं। राहुल गांधी ने कहा कि आपकी सरकार के 200 अफसर हमारे संपर्क में हैं और हमें जानकारी दे रहे हैं। हालांकि, उन्होंने अपने दावे के समर्थन में अधिकारियों के नाम या अन्य विवरण नहीं दिए।
सुप्रीम कोर्ट जाकर याचिका करेंगे दाखिल
राहुल गांधी ने कहा कि उन्होंने और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत को पत्र लिखकर मुलाकात का समय मांगा था, लेकिन उन्हें मिलने का समय नहीं मिला। राहुल के मुताबिक, सीजेआई ने जवाब में याचिका दायर करने को कहा। उन्होंने बताया कि वह और इंडिया गठबंधन के सांसद आज सुप्रीम कोर्ट जाकर याचिका दायर करेंगे।
राहुल गांधी, बोले – यह देश के भविष्य की लड़ाई, किसी को बख्शेंगे नहीं
उन्होंने आगे कहा कि वह और इंडिया गठबंधन के सांसद दोपहर तीन बजे सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर करेंगे। उन्होंने इस कदम को देश के भविष्य की लड़ाई बताया। राहुल गांधी ने कहा कि यह लड़ाई लोकतांत्रिक व्यवस्था और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सवालों को लेकर है। राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी नींद उड़ गई है।
उन्होंने कहा कि वे वही सवाल उठा रहे हैं, जो दो चुनाव आयुक्तों ने पूछे थे। राहुल ने सवाल किया कि ज्ञानेश कुमार इस्तीफा क्यों नहीं दे रहे? उन्होंने यह भी कहा कि ज्ञानेश कुमार, आपकी नींद उड़ गई है, हम आपको बख्शेंगे नहीं। हमें आपके अतीत और आपके भ्रष्टाचार के बारे में पता है, और हम इंतजार कर रहे हैं।
- एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा की ऐतिहासिक उपलब्धि: पहली बार एंडोवास्कुलर तकनीक से ‘ब्रेन AVM’ का किया सफल इलाज, 19 वर्षीय युवक को मिला नया जीवन - October 12, 2026
- जगह बदलने से जन-जागरण नहीं रोक पाओगे… जंतर-मंतर से प्रदर्शन स्थल का दर्जा छिनने के फैसले पर भड़कीं सपा सांसद डिंपल यादव - October 12, 2026
- श्री मनःकामेश्वर रामलीला महोत्सव: गढ़ी ईश्वरा में गूंजे अवध के मंगलगीत, रावण जन्म से श्रीराम जन्मोत्सव तक की जीवंत प्रस्तुतियां - October 12, 2026