
आगरा। वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों को धार देते हुए भारतीय जनता पार्टी ने मतदाता सूची में पात्र नागरिकों के नाम दर्ज कराने के लिए बूथ स्तर पर अपना जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। भाजपा आगरा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता के नेतृत्व में महानगर के सभी 22 मंडलों के प्रत्येक बूथ पर विशेष ‘मतदाता जोड़ो अभियान’ चलाया गया। इस अभियान के दौरान सरकारी बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ), भाजपा के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए-2) और पार्टी कार्यकर्ताओं ने समन्वय स्थापित कर नए व छूटे हुए मतदाताओं के आवेदन पत्र भरवाए।
अभियान की जमीनी कमान संभालते हुए महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने दीनदयाल मंडल के बूथ संख्या 37 पर पहुंचकर खुद मोर्चा संभाला। उन्होंने भरे हुए आवेदन फॉर्म पार्टी के बीएलए-2 विष्णु बघेल की उपस्थिति में सरकारी बीएलओ अखिलेश भारद्वाज को सौंपे।
’18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हर युवा का नाम सूची में दर्ज कराना प्राथमिकता’
इस अवसर पर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए राजकुमार गुप्ता ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता हर पात्र नागरिक का फॉर्म भरवाकर उसे मतदाता सूची में शामिल कराने के संकल्प के साथ काम कर रहा है। पार्टी का स्पष्ट ध्येय है कि कोई भी अर्ह नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे। विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु सीमा पूर्ण कर चुके हर नए युवा का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराना हमारी पहली प्राथमिकता है।
उन्होंने जोर देकर कहा कि भाजपा की वास्तविक शक्ति उसका बूथ स्तरीय ढांचा है। जब पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता अपने बूथ को मजबूत बनाने में पूरी निष्ठा से जुटेगा, तभी वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी पुनः प्रचंड बहुमत के साथ विजयश्री हासिल करेगी।
दीनदयाल मंडल में अभियान के दौरान जुटे वरिष्ठ पदाधिकारी
दीनदयाल मंडल में आयोजित इस अभियान के दौरान महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता के अलावा मंडल अध्यक्ष राहुल जैन, क्षेत्रीय पार्षद प्रवीणा राजावत, पार्षद रवि कुरेतिया, वरिष्ठ नेता मुकेश गुप्ता तथा रोहित कत्याल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता व बूथ प्रमुख उपस्थित रहे।
- आगरा के यूथ हॉस्टल में गोष्ठी व सांस्कृतिक संध्या; वरिष्ठ पत्रकार डॉ. महेश धाकड़ सम्मानित, ‘तीसरा विश्व युद्ध’ नाटक ने दिया जल संरक्षण का संदेश - November 23, 2026
- वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. बी.के. अग्रवाल को मिला राष्ट्रीय सम्मान; बेंगलुरु में प्रो. एसपी सिंह बघेल ने किया अलंकृत, आगरा में हुआ भव्य अभिनंदन - November 23, 2026
- आगरा में भाजपा का विशेष ‘मतदाता जोड़ो अभियान’: 22 मंडलों के प्रत्येक बूथ पर घर-घर पहुंचे कार्यकर्ता - November 23, 2026