आगरा: ताजनगरी के सबसे संवेदनशील और हाई-सिक्योरिटी माने जाने वाले ताजमहल के पूर्वी गेट क्षेत्र में शनिवार रात हुड़दंग और मारपीट की एक घटना सामने आने से हड़कंप मच गया है। ताज के ‘येलो जोन’ के अंतर्गत आने वाले पाठक प्रेस बैरियर के पास कुछ लोगों के बीच आपसी झड़प और मारपीट का मामला सामने आया है। इस पूरी घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद से यह मामला शहरभर में चर्चा का विषय बन गया है। हालांकि, इस मारपीट के पीछे की असली वजह अभी तक पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
शनिवार रात आठ बजे की घटना
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना शनिवार रात करीब आठ बजे की बताई जा रही है। ताजमहल के पूर्वी गेट क्षेत्र स्थित कड़े सुरक्षा घेरे वाले येलो जोन में अचानक कुछ लोग आपस में उलझ पड़े और उनके बीच लात-घूंसे चलने लगे। इस अचानक हुई घटनाक्रम से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और वहां मौजूद लोग सहम गए।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, पुलिस की जांच शुरू
घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग आपस में मारपीट करते हुए साफ नजर आ रहे हैं। हालांकि, यह विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ और इसमें शामिल लोग कौन थे (पर्यटक थे या स्थानीय निवासी), इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हो सकी है।
अत्यधिक सुरक्षा वाले ताज के पूर्वी गेट क्षेत्र में हुई इस घटना को लेकर पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल घटना के संबंध में पुलिस के उच्च अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर छानबीन शुरू कर दी गई है और वीडियो में दिख रहे हुड़दंगियों की पहचान की जा रही है। पुलिस की जांच के बाद ही मारपीट के असली कारणों और स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
- आगरा से आकाश आनंद ने फूंका 2027 का चुनावी बिगुल: बोले— ‘सत्ता की चाबी नहीं मिली तो दरवाजा तोड़कर बैठेंगे’; भाजपा-सपा-कांग्रेस पर साधा निशाना - November 22, 2026
- ताजनगरी आगरा में बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश: ताजगंज पुलिस ने 5 आरोपियों को दबोचा, 6 हीरो स्प्लेंडर बरामद - November 22, 2026
- परिवार के साथ ताजमहल पहुंचीं कंगना रनौत: 45 मिनट तक निहारी संगमरमर की नक्काशी, डायना बेंच पर खिंचवाईं तस्वीरें - November 22, 2026