लखनऊ/आगरा। आगरा दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी व समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता विनय अग्रवाल ने लखनऊ स्थित पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने आगरा समेत पूरे उत्तर प्रदेश के व्यापारियों की दो सबसे प्रमुख और महत्वपूर्ण मांगों को समाजवादी पार्टी के आगामी चुनावी घोषणा पत्र में शामिल करने का लिखित अनुरोध करते हुए मांग पत्र सौंपा।
”एससी-एसटी आयोग की तर्ज पर गठित हो व्यापारी आयोग”
मांग पत्र में पहली प्रमुख मांग रखते हुए विनय अग्रवाल ने आग्रह किया कि प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर अनुसूचित जाति-जनजाति (SC-ST) आयोग की तर्ज पर एक सशक्त ‘व्यापारी आयोग’ का गठन किया जाए। इस आयोग का अध्यक्ष कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त होना चाहिए, ताकि व्यापारियों के संवैधानिक व व्यापारिक हितों की सीधे रक्षा हो सके।
उन्होंने अखिलेश यादव को अवगत कराया कि वर्तमान में आए दिन व्यापारियों का मानसिक शोषण, प्रशासनिक उत्पीड़न और असामाजिक तत्वों द्वारा जबरन वसूली (चौथ वसूली) जैसी घटनाएं सामने आती रहती हैं। इससे व्यापारी वर्ग में असुरक्षा और भय का माहौल व्याप्त होता है, जिससे उनकी रोजी-रोटी प्रभावित होती है। व्यापारी आयोग के गठन से ऐसी शिकायतों की त्वरित सुनवाई होगी, उत्पीड़न पर प्रभावी रोक लगेगी और जिला स्तर पर ‘व्यापारी शिकायत प्रकोष्ठ’ बनाकर समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण संभव हो सकेगा।
“ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स और खुदरा व्यापार के बीच बने न्यायसंगत नीति”
दूसरी महत्वपूर्ण मांग के तहत उन्होंने तेजी से पैर पसार रहे ऑनलाइन व्यापार से छोटे और खुदरा दुकानदारों के समक्ष खड़े हुए आजीविका के संकट का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि बड़ी-बड़ी ई-कॉमर्स कंपनियों/ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स और स्थानीय छोटे दुकानदारों के बीच असमान प्रतिस्पर्धा के कारण परंपरागत खुदरा बाजार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। इसलिए ऑनलाइन और रिटेल व्यापार के बीच एक समान और न्यायसंगत प्रतिस्पर्धात्मक माहौल सुनिश्चित करने के लिए राज्य स्तर पर ठोस नीति बनाई जानी चाहिए।
अखिलेश यादव ने दिया सकारात्मक आश्वासन
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दोनों मांगों को बेहद गंभीरता से सुना और विचार-विमर्श किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सपा की सरकार बनने पर इन दोनों प्रमुख मांगों को प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जाएगा।
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में प्रमुख समाजसेवी पंकज गुप्ता, सपा दक्षिण विधानसभा अध्यक्ष सतीश चाहर तथा हिमांशु यादव विशेष रूप से उपस्थित रहे।
- सीतापुर में धनतेरस पर दर्दनाक सड़क हादसा: श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को ट्रक ने मारी टक्कर, 5 महिलाओं की मौत, 11 घायल - November 6, 2026
- ”भ्रामक और फेक वीडियो फैलाए तो होगी जेल…”: उत्तर रेलवे ने सोशल मीडिया पर भ्रामक कंटेंट पोस्ट करने वालों पर कसा शिकंजा - November 6, 2026
- पंजाब के राजपुरा में कर्मभूमि एक्सप्रेस ट्रेन के डिब्बों में भड़की भीषण आग; सराय बंजारा के पास मची अफरा-तफरी, सभी यात्री सुरक्षित - November 6, 2026