आगरा के शास्त्रीपुरम में 300 बीघा में सजेगी भव्य यज्ञनगरी: 12 से 22 दिसंबर तक आयोजित होगा 2151 कुंडीय महामृत्युंजय मां पीतांबरा महायज्ञ

PRESS RELEASE

आगरा। सनातन संस्कृति के संरक्षण, वैदिक परंपराओं के संवर्धन, आध्यात्मिक चेतना के जागरण और समस्त विश्व के कल्याण की मंगलकामना के साथ आगरा की धरती पर एक विराट धार्मिक अनुष्ठान होने जा रहा है। मृत्युंजय मां पीतांबरा परिवार संस्था द्वारा 12 से 22 दिसंबर तक शास्त्रीपुरम स्थित जेसीबी चौराहे के निकट आयोजित होने वाले चतुर्वेद विश्व कल्याणात्मक 2151 कुंडीय महामृत्युंजय मां पीतांबरा महायज्ञ की तैयारियां व्यापक स्तर पर की जा रही हैं।

महायज्ञ की रूपरेखा, आध्यात्मिक महत्व और आयोजन के उद्देश्यों से श्रद्धालुओं को अवगत कराने के लिए यज्ञस्थल पर उद्घोषणा समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर पूज्य स्वामी रामदास जी महाराज के मार्गदर्शन में होने वाले महायज्ञ की विस्तृत जानकारी दी गई तथा शहरवासियों से इस विराट धार्मिक अनुष्ठान में अधिक से अधिक संख्या में सहभागी बनने का आह्वान किया गया।

यज्ञाधीश पूज्य स्वामी रामदास जी महाराज ने बताया कि महायज्ञ केवल धार्मिक कर्मकांड नहीं, बल्कि लोककल्याण, विश्व शांति, आध्यात्मिक उत्थान और सनातन चेतना के विस्तार का महाअभियान है। वैदिक परंपरा में यज्ञ को सृष्टि के संतुलन, पर्यावरण की शुद्धि, सकारात्मक ऊर्जा के संचार और जनकल्याण का माध्यम माना गया है।

2151 कुंडीय महामृत्युंजय मां पीतांबरा महायज्ञ के माध्यम से राष्ट्र की सुख-समृद्धि, समाज में सद्भाव, परिवारों में मंगल, जनमानस में आध्यात्मिक जागृति और संपूर्ण विश्व के कल्याण की कामना की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य प्रत्येक व्यक्ति को सनातन संस्कृति की जड़ों से जोड़ना और वैदिक संस्कारों को जन-जन तक पहुंचाना है। श्रद्धालु इस महायज्ञ में सहभागी बनकर धर्म, सेवा, साधना और समर्पण के इस महाअभियान का हिस्सा बनें।

उद्घोषणा समारोह में संरक्षक हरिनारायण चतुर्वेदी, गौरी शंकर सिंह सिकरवार, व्यवस्थापक टीपी सिंह, समन्वयक डॉ रजनीश त्यागी, डॉ पंकज नगाइच, कल्याण सिंह परमार, गोविंद सिंह, आचार्य शिवम द्विवेदी, आचार्य अनूप त्रिपाठी, संतोष खिरवार, आचार्य सुमित चतुर्वेदी आदि उपस्थित रहे।

300 बीघा में आकार ले रही भव्य यज्ञनगरी

संरक्षक हरिनारायण चतुर्वेदी ने बताया कि शास्त्रीपुरम में प्रेम जेसीबी के पास लगभग 300 बीघा भूमि पर महायज्ञ के लिए विशाल यज्ञनगरी का निर्माण कराया जा रहा है। लगभग 3.60 लाख वर्गफीट क्षेत्रफल में भव्य यज्ञशाला आकार ले रही है। इसमें 2151 हवन कुंड स्थापित किए जाएंगे, जहां नौ दिनों तक वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आहुतियां अर्पित की जाएंगी। व्यवस्थापक टीपी सिंह ने जानकारी दी कि आयोजन में प्रतिदिन 151 मुख्य यजमान यज्ञ में बैठेंगे। नौ दिनों में पांच करोड़ आहुतियां अर्पित करने का संकल्प लिया गया है।

प्रतिदिन 34 हजार लोग आहुतियां देंगे। हवन में सहभागिता हेतु क्यूआर कोड जारी किया गया है। जिसके माध्यम से निःशुल्क पंजीकरण कराया जा सकता है। यज्ञनगरी में वैदिक साधना और आध्यात्मिक वातावरण निर्माण के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

समन्वयक डॉ रजनीश त्यागी ने बताया कि यज्ञस्थल पर 60 आचार्य छप्पर की कुटियाओं में निवास कर प्रतिदिन वेदपाठ एवं साधना कर रहे हैं। परिसर में अखंड रामनाम संकीर्तन भी निरंतर चल रहा है। आयोजन स्थल को आध्यात्मिक ऊर्जा और सनातन परंपराओं के अनुरूप विकसित किया जा रहा है, जिससे यहां पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को धार्मिक अनुष्ठान के साथ साधना और भक्ति का दिव्य वातावरण प्राप्त हो सके।

एक लाख अभिमंत्रित कलशों से घर-घर पहुंचेगा महायज्ञ का संदेश

महायज्ञ को जन-जन और घर-घर तक पहुंचाने के उद्देश्य से व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत अब तक लगभग 20 हजार अभिमंत्रित कलशों का वितरण किया जा चुका है। आयोजन समिति ने एक लाख कलश वितरित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। श्रद्धालु इन अभिमंत्रित कलशों को अपने घरों में श्रद्धापूर्वक स्थापित करेंगे और निर्धारित समय पर कलश यात्रा के माध्यम से यज्ञस्थल तक पहुंचाएंगे। इस अभियान का उद्देश्य प्रत्येक परिवार को महायज्ञ से जोड़ना और सामूहिक धार्मिक चेतना का विस्तार करना है।

12 दिसंबर से होंगे वैदिक अनुष्ठान, 13 को निकलेगी मातृशक्ति की विशाल कलश यात्रा

महायज्ञ के अंतर्गत 12 दिसंबर को सामूहिक उपनयन संस्कार के साथ धार्मिक कार्यक्रमों का शुभारंभ होगा। 13 दिसंबर को मातृशक्ति की विशाल कलश शोभायात्रा निकाली जाएगी। 14 दिसंबर को पंचांग पूजन, मंडप प्रवेश, वेदी पूजन एवं अरणी मंथन के माध्यम से अग्नि प्राकट्य होगा। इसके बाद 15 से 20 दिसंबर तक प्रतिदिन महाहवन का आयोजन किया जाएगा। 21 दिसंबर को पूर्णाहुति के साथ महायज्ञ की मुख्य आहुतियों का समापन होगा, जबकि 22 दिसंबर को विशाल भंडारे एवं आचार्य विदाई के साथ आयोजन का समापन किया जाएगा।

शहर के विभिन्न क्षेत्रों में निकलेंगी वेद यात्राएं

महायज्ञ के आध्यात्मिक महत्व और आयोजन के उद्देश्य को जन-जन तक पहुंचाने के लिए शहर में व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में श्रद्धालुओं को महायज्ञ के महत्व से अवगत कराने के लिए वेद यात्राएं निकाली जा रही हैं। उद्घोषणा समारोह के दौरान भी श्रद्धालुओं को महायज्ञ के आध्यात्मिक महत्व की जानकारी देकर अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता का आह्वान किया गया।

आगामी दिनों में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में भी वेद यात्राओं का आयोजन किया जाएगा, ताकि अधिकाधिक परिवार इस महाअनुष्ठान से जुड़ सकें।

Dr. Bhanu Pratap Singh