आगरा के पोइया घाट पर रिवर रैंचिंग कार्यक्रम: केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने यमुना में छोड़ीं 50 हजार मछलियां

स्थानीय समाचार





आगरा: ताजनगरी में यमुना नदी की जैव विविधता को समृद्ध करने और जलीय पारिस्थितिकी तंत्र के संतुलन को बनाए रखने की दिशा में एक बड़ी पहल की गई है। दयालबाग स्थित पोइया घाट पर आयोजित ‘रिवर रैंचिंग’ (River Ranching) कार्यक्रम के तहत केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने यमुना नदी में ‘भारतीय मेजर कार्प’ प्रजाति की 50 हजार मत्स्य अंगुलिकाओं (फिंगरलिंग्स) को प्रवाहित किया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नदी में मछलियों की संख्या में वृद्धि करना, जलीय जीवों के प्राकृतिक आवास को सुरक्षित बनाना और मत्स्य पालन पर निर्भर स्थानीय मछुआरों व मत्स्यजीवियों की आजीविका को संबल प्रदान करना है।

​पीएम मोदी और सीएम योगी के संकल्पों पर जोर

पोइया घाट पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण’ के संकल्प और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में नदियों को निर्मल, स्वच्छ और जीवंत बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियानों पर विशेष रूप से प्रकाश डाला गया।

​केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने कहा कि मीठे पानी के पारिस्थितिकी तंत्र में ‘भारतीय मेजर कार्प’ प्रजाति की मछलियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। रिवर रैंचिंग जैसे अभियानों से न केवल प्राकृतिक जल निकायों में मछलियों का संरक्षण होगा, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

​यमुना की स्वच्छता और प्रदूषण नियंत्रण सामूहिक जिम्मेदारी

​कार्यक्रम में इस बात पर भी जोर दिया गया कि यमुना नदी आगरा की सांस्कृतिक विरासत, आस्था और जीवन रेखा का अभिन्न अंग है। केवल मछलियां प्रवाहित करने से ही नहीं, बल्कि नदी में प्रदूषण को नियंत्रित करने और उसके प्राकृतिक स्वरूप को बचाए रखने से ही जलीय जीवों का संरक्षण संभव हो सकेगा।

​वक्ताओं ने कहा कि यमुना को प्रदूषणमुक्त बनाने और इसके तटों को स्वच्छ रखने के लिए प्रशासनिक प्रयासों के साथ-साथ आम नागरिकों का सहयोग भी अनिवार्य है। इस अवसर पर आने वाली पीढ़ियों के लिए यमुना नदी को स्वच्छ, समृद्ध और जीवंत बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में मत्स्य विभाग के अधिकारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने भाग लिया।




Dr. Bhanu Pratap Singh