आगरा के ताज प्रेस क्लब में अंदरूनी कलह से गरमाया माहौल: केयरटेकर विवाद पर दो खेमों में बंटे सदस्य, मर्यादा तार-तार

स्थानीय समाचार

केयरटेकर की व्यवस्था पर शुरू हुई बहस ने खोली अंदरूनी कलह की परतें, कोई जूते-चप्पल की बात पर उतरा तो किसी ने पोल खोलने की दी चेतावनी; दो खेमों में बंटे सदस्य

आगरा। ताज प्रेस क्लब, जिसे पत्रकारों के संवाद, वैचारिक विमर्श और आपसी एकजुटता का केंद्र होना चाहिए, इन दिनों अपनी अंदरूनी खींचतान के कारण चर्चा में है। क्लब की व्यवस्था और निर्वाचित कार्यकारिणी की भूमिका को लेकर उठे सवालों ने ऐसा तूल पकड़ा कि सदस्यों के बीच आरोप-प्रत्यारोप, तीखी टिप्पणियों और व्यक्तिगत हमलों का दौर शुरू हो गया। हालात यहां तक पहुंच गए कि बहस में जूते-चप्पल जैसे शब्दों का इस्तेमाल, एक-दूसरे की पोल खोलने की चेतावनी और व्हाट्सएप ग्रुप बंद करने की धमकियां तक सामने आने लगीं।

विवाद की शुरुआत केयरटेकर की व्यवस्था और क्लब संचालन में निर्वाचित कार्यकारिणी की भूमिका पर उठे सवालों से हुई। स्वस्थ जवाबी संदेशों का सिलसिला शुरू हुआ और देखते ही देखते क्लब के दूसरे सदस्य भी अकारण बहस में कूद पड़े। देखते-देखते ग्रुप दो खेमों में बंटता नजर आया। कोई व्यवस्था के समर्थन में खड़ा हुआ तो कोई कार्यकारिणी के अधिकारों और सम्मान की दुहाई देने लगा।

विडंबना यह है कि जिस संगठन में पत्रकारों से मर्यादित संवाद और लोकतांत्रिक व्यवहार की अपेक्षा की जाती है, वहां असहमति का जवाब तर्क से देने के बजाय व्यक्तिगत आरोपों और धमकियों से दिया जाने लगा। दोनों ओर से लामबंदी और एक-दूसरे को नीचा दिखाने की कोशिशों ने क्लब की गरिमा पर ही सवाल खड़े कर दिए। जिस प्रेस क्लब में लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की आजादी की पैरवी करने वाले पत्रकार बैठते हैं, उसी क्लब में असहमति अब आरोप, धमकी और गुटबाजी का रूप लेती दिखाई दे रही है।

सवाल केयरटेकर का नहीं, जवाबदेही का है

केयरटेकर की नियुक्ति और कार्यालय की साफ-सफाई, रखरखाव तथा आने-जाने वालों की एंट्री जैसी व्यवस्थाएं निश्चित रूप से उपयोगी हो सकती हैं। लेकिन क्या इन व्यवस्थाओं की आड़ में निर्वाचित कार्यकारिणी की भूमिका और सामूहिक निर्णय की आवश्यकता को नजरअंदाज किया जा सकता है? क्या महासचिव, उपाध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष और अन्य निर्वाचित पदाधिकारी केवल पदनाम बनकर रह जाएंगे? क्या निर्वाचित प्रतिनिधियों को भी अब अपनी ही संस्था में किसी कर्मचारी से अनुमति लेकर काम करना होगा और उसे रिपोर्टिंग करनी होगी? केयरटेकर व्यवस्था का सहयोगी हो सकता है, निर्वाचित कार्यकारिणी का विकल्प नहीं।

लड़ते सदस्य, नेतृत्व की जवाबदेही और कमजोर होता संगठन

इस पूरे घटनाक्रम में सबसे बड़ा सवाल नेतृत्व की भूमिका पर है। जब क्लब के सदस्य आपस में उलझ रहे हों, संवाद की जगह धमकियां ले रही हों और ग्रुप में मर्यादा टूट रही हो, तब नेतृत्व की जिम्मेदारी विवाद को शांत करने, सभी पक्षों को बैठाकर समाधान निकालने और सामूहिक निर्णय की व्यवस्था बहाल करने की होती है। अध्यक्ष का दायित्व सभी निर्वाचित पदाधिकारियों और सदस्यों को साथ लेकर चलने का है। यदि सदस्य आपस में ही भिड़ते रहें और नेतृत्व विवाद सुलझाने के बजाय मूकदर्शक बना रहे तो सवाल उठना स्वाभाविक है कि आखिर संगठन की एकजुटता की जिम्मेदारी कौन निभाएगा?

कहीं ऐसा तो नहीं कि मूल मुद्दों पर जवाबदेही तय होने के बजाय सदस्य आपसी आरोप-प्रत्यारोप में उलझकर रह जाएं और नेतृत्व इन खेमेबंदियों के बीच सवालों से बच निकले?

आखिर ऐसी नौबत क्यों आई कि प्रेस क्लब के सदस्य एक-दूसरे को सार्वजनिक रूप से चुनौती देने लगे? क्या किसी को अपनी बात रखने का अधिकार नहीं है?

क्या असहमति को व्यक्तिगत दुश्मनी मान लिया गया है? और यदि हर मुद्दे पर सदस्य ही आपस में भिड़ते रहेंगे तो संगठन की जिम्मेदारी कौन निभाएगा?

पत्रकारिता की नसीहत देने वाले अपने घर में ही नाकाम!

पत्रकार दूसरों के विवाद, लोकतंत्र, पारदर्शिता और संस्थाओं की जवाबदेही पर सवाल उठाते हैं। लेकिन अपने ही संगठन में संवाद, सहमति और मर्यादा कायम रखने में नाकामी सामने आए तो यह आत्ममंथन का विषय है। पदों की लड़ाई, व्यक्तिगत प्रतिष्ठा और गुटीय ताकत दिखाने की कोशिशों में यदि संगठन के मूल उद्देश्य ही पीछे छूट जाएं तो फिर प्रेस क्लब और सामान्य सामाजिक समूह में अंतर क्या रह जाएगा?

ताज प्रेस क्लब किसी व्यक्ति की जागीर नहीं और न ही सदस्यों के बीच वर्चस्व की लड़ाई का अखाड़ा। अध्यक्ष का पद सम्माननीय है, लेकिन कार्यकारिणी के निर्वाचित पदाधिकारियों और सदस्यों का सम्मान भी उतना ही जरूरी है। यहां पद की गरिमा से ज्यादा जरूरी संस्था की गरिमा है। क्लब आदेशों से नहीं, संवाद, विश्वास और सामूहिक निर्णयों से चलता है।

दुर्भाग्य यह है कि पत्रकारों का अपना मंच आज पत्रकारिता के मुद्दों के बजाय अपनी ही अंदरूनी राजनीति, आपसी कटुता और गुटबाजी के कारण चर्चा में है। अब सवाल यह नहीं कि केयरटेकर की व्यवस्था अच्छी है या बुरी, सवाल यह है कि ताज प्रेस क्लब में लोकतांत्रिक व्यवस्था बचेगी या व्यक्तिगत वर्चस्व की लड़ाई में उसकी गरिमा भी दांव पर लगती रहेगी?

-लेखक वरिष्ठ पत्रकार है ।

Dr. Bhanu Pratap Singh