अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे पर गरमाई सियासत, ओम प्रकाश राजभर बोले- दाढ़ी और टोपी के खौफ से नहीं किए रामलला के दर्शन

POLITICS

उत्तर प्रदेश के सियासी गलियारों में एक बार फिर से सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव का अयोध्या दौरा चर्चा का केंद्र बन गया है। इस धार्मिक यात्रा के बाद से ही भारतीय जनता पार्टी और उसके सहयोगी दलों ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को अपने निशाने पर ले लिया है। विरोधी खेमा इस बात पर लगातार सवाल उठा रहा है कि आखिर अखिलेश यादव ने अयोध्या जाने के बावजूद रामलला के दर्शन क्यों नहीं किए। इसी राजनीतिक सरगर्मी के बीच, सुहेलबाद भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने पूर्व मुख्यमंत्री पर एक बेहद तीखा और आक्रामक मौखिक प्रहार किया है।

​सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के जरिए अपनी भड़ास निकालते हुए लिखा, “अखिलेश जी, हो आए अयोध्या? दर्शन करने नहीं गए ना? जाते भी कैसे, दाढ़ी-टोपी रूठ जो जाती। एक बात बताइयेगा? अयोध्या की सड़कों पर जब आप पहुंचे तो क्या आपके कानों में कारसेवकों की चीख़ें नहीं गूंजी? उन्हीं कारसेवकों की चीख़ें जिनपर आपके पिता जी ने गोली चलवाई थी? याद तो आई होगी? अंदर-अंदर आप मुस्कुराए भी होंगे?”

अपने तीखे बयानों के सिलसिले को जारी रखते हुए राजभर ने आगे नसीहत देते हुए कहा कि अभी भी वक्त हाथ से निकला नहीं है। उन्होंने लिखा, “अभी भी समय है, पश्चाताप कर लीजिए। पाप ख़त्म तो नहीं होंगे, शायद ईश्वर माफ़ कर दे। प्रभु श्री राम बड़े दयालु हैं। दूसरी बात, अगर आस्था है तो राजनैतिक समीकरण का बंधक मत बनिए। अगर आस्था नहीं है तो खुलकर कहिए कि मैं नास्तिक हूं। बीच में रहकर ना 80 के रहेंगे, ना 20 के।”

इतना ही नहीं, कैबिनेट मंत्री ने अखिलेश यादव की साधु-संतों के साथ भोजन ग्रहण करते हुए वायरल हुई एक तस्वीर का हवाला देकर भी जोरदार तंज कसा। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा, “बाक़ी आपकी एक तस्वीर देखी, भोजन प्रसाद पाते हुए। आश्चर्य हुआ कि जो अखिलेश जी इफ़्तारी में टोपी लगाकर चहकते हुए दिखते हैं, वही अखिलेश जी कैसे असहज बैठे हैं। ये तस्वीर देखकर लग रहा है कि भोजन प्रसाद के लिए नहीं बल्कि वोट की भूख मिटाने बैठे हैं। ऐसा लगता है जैसे इफ़्तार वाली मुस्कान दिख गई तो मौलाना नाराज़ हो जायेंगे। उम्मीद है आपकी अंतरात्मा जागेगी और आज नहीं तो कल, आप प्रभु श्री राम के और प्रभु हनुमान के दर पर शीश नवाकर माफ़ी ज़रूर मांगेंगे। जय श्री राम, जय हनुमान।”

आपको बताते चलें कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव बीते गुरुवार को श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ में शामिल होने के सिलसिले में अयोध्या पहुंचे थे। इस कार्यक्रम का आयोजन समाजवादी पार्टी के नेता और पूर्व मंत्री तथा अयोध्या के पूर्व विधायक तेज नारायण पांडेय उर्फ पवन पांडेय के आधिकारिक आवास पर किया जा रहा था। इस दौरे के दौरान सपा प्रमुख ने सत्ताधारी बीजेपी पर तीखे राजनीतिक हमले बोले थे।

वहीं, जब मीडिया की तरफ से उनसे रामलला के दर्शन करने को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने पास में खड़े नेता पवन पांडेय की ओर इशारा करते हुए जवाब दिया था कि तारीख तय कर लीजिए, पार्टी के सभी विधायक और सांसद एक साथ मिलकर रामलला के दर्शन करने जाएंगे।

Dr. Bhanu Pratap Singh