​’स्कूल चोरी’ का अनोखा मामला: यूपी में 5 गायब स्कूलों का पता बताने पर मिलेंगे 1 लाख रुपये, आप सांसद संजय सिंह ने दी खुली चुनौती

POLITICS





आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद और यूपी प्रभारी संजय सिंह ने रविवार को लखनऊ में प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में ‘स्कूल चोरी’ का आरोप लगाया। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया कि जौनपुर जिले में पाँच ऐसे प्राथमिक विद्यालय हैं, जिनका जमीन पर कोई अता-पता नहीं है, लेकिन सरकारी रिकॉर्ड (U-DISE) में इन्हें ‘ऑपरेशनल’ दिखाया जा रहा है। अब सांसद ने इन स्कूलों का पता बताने वाले को 1 लाख रुपये इनाम देने की घोषणा की है।

आप सांसद संजय सिंह ने खुली चुनौती देते हुए घोषणा की है कि जो कोई भी इन पाँच गायब स्कूलों में से एक को भी खोज कर दिखा देगा, उसे वे अपनी तनख्वाह से 1 लाख रुपये का नकद इनाम देंगे। उन्होंने एक्स पोस्ट में लिखा, ‘“स्कूल खोजो 1 लाख पाओ” नगर शिक्षा अधिकारी जौनपुर का 25 मई 2026 का पत्र ध्यान से पढ़िये उन्होंने लिखा “कुछ विद्यालयों का अस्तित्व ही खत्म हो चुका है” UDISE में जिन पतों पर स्कूल “Operational” दिखाया जा रहा है वहाँ स्कूल खोज कर दिखाओ भाजपाइयों?’

संजय सिंह ने नगर शिक्षा अधिकारी, जौनपुर के एक पत्र का हवाला देते हुए, पांच स्कूलों- प्राइमरी स्कूल ढालगर टोला, प्राइमरी स्कूल मिसिरपुर गर्ल्स, कम्पोजिट स्कूल गदन अरजानी, प्राइमरी स्कूल उर्दू बाजार और प्राइमरी स्कूल बाग हाशिम की पहचान की है। ये सभी स्कूल सरकारी पोर्टल पर तो दिखते हैं, लेकिन कथित तौर पर अपनी लिस्टेड जगहों पर अब मौजूद नहीं हैं।

सांसद के इस खुलासे के बाद से प्रशासनिक अमले और शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है, और यह मुद्दा राजनीतिक गलियारों में चर्चा का मुख्य विषय बन गया है।




Dr. Bhanu Pratap Singh