मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में चर्चित ‘नीले ड्रम’ जैसी ही एक और खौफनाक वारदात में कोर्ट ने बुधवार को ऐतिहासिक फैसला सुनाया है। मेरठ-पौड़ी हाईवे से करीब 4 किलोमीटर अंदर स्थित गांव अकबरपुर सादात निवासी अमित कश्यप उर्फ मिक्की की हत्या के मामले में अपर सत्र न्यायालय ने उसकी पत्नी रविता और उसके प्रेमी अमरदीप को दोषी करार दिया है। घटना के 543 दिनों बाद अदालत ने सुनवाई पूरी करते हुए यह माना कि दोनों ने मिलकर सुनियोजित तरीके से अमित की हत्या की थी। इस मामले में अदालत आगामी 16 अक्टूबर को दोषियों को सजा सुनाएगी।
क्या था पूरा मामला और कैसे खुला राज?
यह सनसनीखेज घटना 17 अप्रैल 2025 की है। अमित कश्यप की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद शुरुआती दौर में परिजनों ने यही आशंका जताई थी कि सोते समय सांप के डसने से उसकी मौत हुई है, क्योंकि शव के ठीक नीचे एक सांप दबा हुआ मिला था। परिजनों की सूचना पर सपेरों को बुलाया गया, जिन्होंने मौके से एक वाइपर सांप पकड़ा और यह चौंकाने वाला खुलासा किया कि उस सांप के दांत के जहर की थैली पहले ही निकाली जा चुकी है—यानी उस सांप के काटने से किसी इंसान की मौत होना नामुमकिन था।
इसके बाद जब परिजनों ने मृतक के गले पर गहरे चोट के निशान और शरीर पर नाखून जैसी खरोचें देखीं, तो उनका शक गहरा गया। पुलिस ने तत्काल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया, जिसकी रिपोर्ट में मौत का कारण सर्पदंश के बजाय ‘दम घुटना’ (गला घोंटना) सामने आया।
प्रेम प्रसंग और साजिश का पर्दाफाश
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद पुलिस ने हत्या के एंगल से गहराई से जांच शुरू की। तफ्तीश में यह बात सामने आई कि मृतक की पत्नी रविता और उसके पड़ोसी अमरदीप के बीच अवैध प्रेम संबंध थे। पुलिस के अनुसार, दोनों ने मिलकर सोते वक्त अमित की गला घोंटकर हत्या कर दी थी और पुलिस व परिवार को गुमराह करने के लिए बिस्तर पर सांप छोड़कर उसे 10 बार डसवाने का नाटक रचा था ताकि मामला सर्पदंश का लगे।
पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ करते हुए वह सांप उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति को भी हिरासत में लिया और साक्ष्यों के आधार पर रविता व अमरदीप को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इस पूरे मुकदमे के दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से अदालत में 12 से ज्यादा गवाह पेश किए गए।
दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद आखिरकार कोर्ट ने रविता और अमरदीप को अमित कश्यप की हत्या का दोषी करार दे दिया है। फिलहाल रविता इस मामले में लंबे समय से मेरठ जेल में बंद है, जबकि उसका प्रेमी अमरदीप जमानत पर बाहर था। अब 16 अक्टूबर को तय होगा कि अदालत इन दोनों को क्या सजा देती है।
- आगरा में प्रेम प्रसंग के चलते युवक ने पहले युवती को मारी गोली, फिर खुद को भी उड़ाया - October 7, 2026
- आगरा जनकपुरी महोत्सव: मिथिला की तर्ज पर सजा विवाह स्थल; राजा-रानी के स्वरूपों ने निभाई कन्यादान की रस्म, गूंजे ‘जय श्रीराम’ और ‘जय तुलसी माता’ के जयकारे - October 7, 2026
- दिल्ली में विपक्ष का जोरदार प्रदर्शन: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी बोले- ‘ज्ञानेश कुमार देश के वैध चुनाव आयुक्त नहीं हैं’ - October 7, 2026