मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश कैडर की पूर्व आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल द्वारा प्रशासनिक सेवा से स्वैच्छिक त्यागपत्र देकर राजनीति में उतरने के फैसले के बाद, वह 11 अक्टूबर 2026 को पहली बार मिर्जापुर पहुंचीं। जिगना पहुंचने पर उनका स्थानीय लोगों और समर्थकों ने फूल-मालाएं पहनाकर और पुष्पवर्षा कर बेहद गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने “दिव्या दीदी जिंदाबाद” के जोरदार नारे लगाए। आगामी यूपी चुनावों से पहले उनके इस दौरे को उनके राजनीतिक सफर के पहले बड़े कदम के रूप में देखा जा रहा है।
लहुरियादह गांव में पानी पहुंचाने से मिली थी खास पहचान
आपको बता दें कि मिर्जापुर की जिलाधिकारी रहते हुए दिव्या मित्तल ने हलिया विकास खंड के अंतर्गत पहाड़ी की चोटी पर स्थित लहुरियादह गांव में पेयजल की गंभीर समस्या का स्थायी समाधान किया था। उनके अथक प्रयासों के चलते ही आजादी के लगभग 75 वर्षों बाद अगस्त 2023 में उस गांव के 125 परिवारों के घरों तक पहली बार नल से जल पहुंचा था। हालांकि, उस सफलता के कुछ समय बाद ही उनके अचानक हुए ट्रांसफर ने कई राजनीतिक और प्रशासनिक सवाल खड़े किए थे। अपनी करीब 17 साल की शेष नौकरी को छोड़कर उन्होंने मन की संतुष्टि के लिए सिविल सेवा को अलविदा कह दिया है।
“आम जनता की आवाज बनने उतरी हूं राजनीति में”
राजनीति के अखाड़े में उतरने का ऐलान करते हुए पूर्व आईएएस दिव्या मित्तल ने स्पष्ट किया है कि वह किसी भी अन्य पारंपरिक राजनीतिक दल में शामिल नहीं होंगी, बल्कि आम जनता के साथ मिलकर उनके हक की लड़ाई लड़ेंगी। उन्होंने एक विशेष संपर्क नंबर भी जारी कर लोगों को इस मुहिम से जुड़ने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि वह अब उन तमाम लोगों की आवाज बनेंगी जिनकी फरियाद किसी सरकारी दफ्तर तक नहीं पहुंच पाती और यदि पहुंच भी जाए तो अनसुनी कर दी जाती है। उन्होंने दो टूक कहा कि उन्हें देश की आजादी के 80 वर्षों का हिसाब चाहिए और वह किसी से डरने वाली नहीं हैं। अपने समर्थकों के साथ मिलकर वह एक ऐसा मजबूत मंच तैयार करेंगी जो सिस्टम के आगे झुकेगा नहीं।
- आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में चिकित्सा क्षेत्र में एक और बड़ी सफलता: पिता ने किडनी दान कर बचाई बेटे की जान, दूसरा सफल ट्रांसप्लांट रहा कामयाब - October 11, 2026
- आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा: फतेहाबाद के पास डिवाइडर से टकराई बाइक, युवक की मौत - October 11, 2026
- ताजमहल में पर्यटकों के बीच जमकर हुई हाथापाई: पैर पर पैर रखने के मामूली विवाद पर भिड़े राजस्थान के पर्यटक, वीडियो वायरल होने के बाद मचा हड़कंप - October 11, 2026