नई दिल्ली: पश्चिम एशिया (Middle East) में जारी गंभीर संघर्ष और तनाव के बीच भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंताजनक आंकड़े सामने आए हैं। विदेश मंत्रालय (MEA) ने बुधवार को आयोजित द्विसाप्ताहिक प्रेस वार्ता में जानकारी दी कि इस संघर्ष की चपेट में आकर अब तक 22 भारतीय नागरिकों की मौत हो चुकी है, जिनमें 14 नाविक (Seafarers) भी शामिल हैं। सरकार ने इस क्षेत्र में बिगड़ते सुरक्षा हालातों पर गहरी चिंता व्यक्त की है। सरकार प्रभावित क्षेत्रों में रह रहे भारतीयों की सुरक्षा और उनकी भलाई सुनिश्चित करने के लिए लगातार संपर्क बनाए हुए है।
सऊदी अरब में तीन भारतीयों की मौत, दूतावास अलर्ट
विदेश मंत्रालय के अनुसार, सऊदी अरब में अब तक तीन भारतीय नागरिकों की मौत हुई है। इससे पहले 16 अक्टूबर को भारत ने सऊदी अरब में रह रहे अपने नागरिकों के लिए सुरक्षा परामर्श जारी किया था। इसमें मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए सतर्क रहने और हवाई हमले की स्थिति में तत्काल सुरक्षित स्थान पर पहुंचने की सलाह दी गई थी। भारतीय नागरिकों से यह भी कहा गया था कि वे घटनाक्रम से जुड़ी जानकारी, तस्वीरें या वीडियो रिकॉर्ड करने, प्रकाशित करने अथवा साझा करने से बचें।
अस्पतालों में भर्ती भारतीयों से मिल रहे दूतावास के अधिकारी
सऊदी अरब स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भारतीय समुदाय से आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की थी। दूतावास ने सलाह दी थी कि हवाई हमले की स्थिति में किसी इमारत के भीतर या खिड़कियों से दूर स्थित आंतरिक कमरे जैसे सुरक्षित स्थान पर पहुंचें। दूतावास के मुताबिक, उसके अधिकारी अस्पतालों में भर्ती भारतीय नागरिकों से मुलाकात कर रहे हैं। साथ ही, प्रभावित लोगों के परिजनों से लगातार संपर्क बनाए रखा जा रहा है और उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
नागरिक ठिकानों पर हमलों को भारत ने बताया अस्वीकार्य
भारत ने सऊदी अरब में नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाकर किए गए हमलों की निंदा करते हुए उन्हें अस्वीकार्य बताया है। भारत ने सऊदी अरब की संप्रभुता की रक्षा के प्रयासों के प्रति एकजुटता भी व्यक्त की है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने इससे पहले उम्मीद जताई थी कि पश्चिम एशिया में जल्द शांति और सामान्य स्थिति बहाल होगी। उन्होंने कहा था कि सऊदी अरब स्थित भारतीय दूतावास वहां रह रहे भारतीय समुदाय के साथ नियमित संपर्क बनाए हुए है और जरूरत के अनुसार सुरक्षा संबंधी परामर्श जारी कर रहा है।
- दिल्ली में करोड़ों के सोने की ठगी: आगरा में आधी रात को दिल्ली क्राइम ब्रांच की बड़ी रेड, तीन आरोपी हिरासत में लेकर रवाना - October 29, 2026
- पश्चिम एशिया संघर्ष में 22 भारतीयों की मौत: विदेश मंत्रालय ने पुष्टि की, मृतकों में 14 नाविक भी शामिल - October 29, 2026
- डिजिटल अरेस्ट और साइबर ठगी पर सुप्रीम कोर्ट सख्त: बैंक की लापरवाही पर पीड़ितों को मुआवजा देने और जवाबदेही तय करने का निर्देश - October 29, 2026