रायबरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को रायबरेली पहुंचे, जहां उन्होंने 879 करोड़ रुपये की 346 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान वह प्रथम स्वाधीनता संग्राम के अमर नायक, अवध केसरी राना बेनी माधव बख्श सिंह जी की 222वीं जयंती के अवसर पर आयोजित ‘भाव समर्पण समारोह’ में सम्मिलित हुए। साथ ही, 21 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्मित राना बेनी माधव बख्श सिंह स्मृति सभागार का लोकार्पण भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि, जो समाज अपने पूर्वजों को विस्मृत कर देता है, उसका कोई भविष्य नहीं होता। हमें अपने महान पूर्वजों की स्मृतियों को नमन करते हुए उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र और समाज के निर्माण में योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा, भारत माता के अमर सपूत, अवध केसरी राना बेनी माधव बख्श सिंह जी की पावन जयंती के अवसर पर उनकी पुण्य स्मृतियों को नमन करते हुए मैं प्रदेश सरकार एवं उत्तर प्रदेश की जनता-जनार्दन की ओर से उन्हें कोटि-कोटि नमन एवं विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।
मुख्यमंत्री ने कहा, आज जिस स्वतंत्रता का अनुभव देश की जनता कर रही है, उसके लिए अनगिनत बलिदानियों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया था। इनमें अवध क्षेत्र में राना बेनी माधव बख्श सिंह जी का नाम प्रमुख है। साथ ही कहा, विरासत को सम्मान देना हमारी सरकार की प्राथमिकता है। अगर हमने प्रभु श्रीराम को सम्मान दिया है, तो वही सम्मान महर्षि वाल्मीकि, गोस्वामी तुलसीदास, निषादराज और माता शबरी को भी दिया है।
उन्होंने कहा, मैं सभी रायबरेलीवासियों को राना बेनी माधव बख्श सिंह जी की स्मृति में निर्मित सभागार के लोकार्पण के अवसर पर हार्दिक बधाई देता हूं। यह सभागार पूरे जनपद के लिए उपयोगी सिद्ध होगा और रायबरेली की जनता इससे लाभान्वित होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा, विकास आज की आवश्यकता है। नौजवानों की आकांक्षाओं को यही विकास आगे बढ़ाएगा। अन्नदाता किसानों के चेहरों पर यही विकास खुशहाली लाएगा। हमारे कारीगरों और हस्तशिल्पियों को यही विकास सम्मान देगा और हमारे बुजुर्गों की वृद्धावस्था में सहारा भी यही विकास बनेगा।
- आगरा में महागणपति का अलौकिक शृंगार: गुलाबी वस्त्रों और स्वर्ण आभूषणों में सजे भगवान श्री वरद वल्लभा, लाल पुष्पों से सजा भव्य फूल बंगला बना आकर्षण का केंद्र - September 18, 2026
- आगरा में रामकथा के चौथे दिन गूंजी ‘राधे-राधे’ की धुन: मोरारी बापू बोले—पुकार में इतनी शक्ति है कि भगवान दौड़े चले आते हैं - September 18, 2026
- निषाद वोटों के लिए जंग तेज: समाजवादी पार्टी द्वारा रुक्मिणी देवी को बड़ी जिम्मेदारी दिए जाने के बाद संजय निषाद का तीखा प्रहार - September 18, 2026