आगरा। छलेसर रोड स्थित श्री वरद वल्लभा महागणपति मंदिर में चल रहे 12 दिवसीय पंचम गणेश महोत्सव के सातवें दिवस भगवान श्री वरद वल्लभा महागणपति का कर्पूर गौरम स्वरूप में विशेष श्रृंगार किया गया। कर्पूर से किए गए विशेष श्रृंगार से भगवान का मुख-मंडल अत्यंत उज्ज्वल और मनोहारी दिखाई दे रहा था। लाल वस्त्र, स्वर्ण मुकुट एवं स्वर्णाभूषणों से सुसज्जित भगवान के मस्तिष्क पर श्री का तिलक उनकी दिव्य आभा को और निखार रहा था।
फूलों से सजे भव्य फूल बंगले में विराजमान महागणपति के कर्पूर गौरम स्वरूप के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो गए। भगवान के उज्ज्वल मुख-मंडल की छटा और लाल वस्त्रों के साथ स्वर्णाभूषणों का आकर्षक संयोजन श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। भक्तों ने विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान से सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की।
मंदिर के संस्थापक हरिमोहन गर्ग ने बताया कि पंचम गणेश महोत्सव में प्रत्येक दिन भगवान श्री महागणपति का अलग-अलग स्वरूप में विशेष श्रृंगार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कर्पूर गौरम स्वरूप में मुख-मंडल का विशेष श्रृंगार भगवान की दिव्यता को और अधिक उजागर करता है। फूल बंगले और श्रृंगार के माध्यम से श्रद्धालुओं को प्रतिदिन भगवान के नवीन स्वरूप के दर्शन कराने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि महोत्सव का प्रमुख आकर्षण 101 किलो का मेवा मोदक भी है। इसे मंदिर की रसोई में शुद्ध मेवा से तैयार किया गया है। स्वच्छता और पवित्रता का विशेष ध्यान रखते हुए मोदक को जालीदार स्वच्छ वस्त्र से ढककर रखा गया है और आकर्षक ढंग से सजाया गया है।
मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित लखन दीक्षित और प्रबंधक नितिन शर्मा ने बताया कि महोत्सव के दौरान प्रतिदिन प्रातः 7:30 बजे नित्य अभिषेक, वस्त्र श्रृंगार एवं फल सेवा होती है। इसके बाद विभिन्न भोग सेवाओं के साथ भोग आरती, दोपहर भोग और सायं भोग अर्पित किए जाते हैं।
प्रतिदिन सुबह और शाम के वक्त नियमित रूप से महागणपति हवन, शाम को ठीक 6 बजे सहस्रनाम अर्चना, सायं 7 बजे भव्य महाआरती और रात्रि 9 बजे शयन आरती का आयोजन संपन्न होता है। गूंजते हुए वैदिक मंत्रोच्चार और ढोल-नगाड़ों के साथ होने वाली इन आरतियों के दौरान पूरा मंदिर परिसर गणपति की अटूट भक्ति में सराबोर नजर आ रहा है।
- आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में चिकित्सा क्षेत्र में एक और बड़ी सफलता: पिता ने किडनी दान कर बचाई बेटे की जान, दूसरा सफल ट्रांसप्लांट रहा कामयाब - October 11, 2026
- आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा: फतेहाबाद के पास डिवाइडर से टकराई बाइक, युवक की मौत - October 11, 2026
- ताजमहल में पर्यटकों के बीच जमकर हुई हाथापाई: पैर पर पैर रखने के मामूली विवाद पर भिड़े राजस्थान के पर्यटक, वीडियो वायरल होने के बाद मचा हड़कंप - October 11, 2026