आगरा: उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान ने सोमवार को जनपद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) बिचपुरी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया तथा मरीजों और उनके तीमारदारों से सीधे संवाद कर मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान महिला आयोग की अध्यक्ष ने अस्पताल में ओपीडी व्यवस्था, नेत्र विभाग (आँखों की ओपीडी) और दंत चिकित्सा कक्ष का निरीक्षण किया, जहां उन्होंने डॉक्टरों को मरीजों की सही से देखभाल करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने एक्स-रे रूम पहुंचकर डिजिटल एक्स-रे मशीन के सुचारू संचालन को परखा। प्रसव कक्ष में पहुंचकर उन्होंने प्रसव की व्यवस्थाओं और वहां की साफ-सफाई का जायजा लिया, जो पूरी तरह से मानक के अनुरूप पाई गई।
टीकाकरण और कोल्ड-चेन की व्यवस्था की समीक्षा
डॉ. बबीता सिंह चौहान ने केंद्र पर कोल्ड-चेन के तहत नियमित टीकाकरण की सभी वैक्सीनों के रखरखाव की स्थिति की जानकारी ली। इसके साथ ही उन्होंने एवीबी (AVB) टीकाकरण के बारे में भी विस्तार से पूछताछ की और संतोष व्यक्त किया।
गर्भवती महिलाओं को फल और किशोरियों को बांटी सेनेटरी नैपकिन
निरीक्षण के दौरान महिला आयोग की अध्यक्ष ने वहां मौजूद गर्भवती महिलाओं को अपना विशेष ध्यान रखने, पौष्टिक आहार लेने और समय पर नियमित जांच कराने के प्रति जागरूक किया। साथ ही, उन्होंने गर्भवती महिलाओं को फल वितरित किए। इसके अलावा, किशोरियों को व्यक्तिगत स्वच्छता (पर्सनल हाइजीन) के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें सेनेटरी नैपकिन वितरित किए गए।
सीएचसी की व्यवस्थाओं की की सराहना
अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के बाद महिला आयोग की अध्यक्ष ने संतोष व्यक्त करते हुए केंद्र के प्रबंधनों की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि सीएचसी बिचपुरी पर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का बहुत ही अच्छे तरीके से पालन किया जा रहा है। इस प्रकार की उच्चकोटि की व्यवस्थाएं सीएचसी स्तर पर बहुत ही कम देखने को मिलती हैं। उन्होंने कहा कि चिकित्सा अधीक्षक और पूरा स्टाफ अपनी जिम्मेदारियों का बखूबी निर्वहन कर रहा है।
इस निरीक्षण के दौरान डीपीओ अतुल सोनी, जय शिव छोंकर, आर्यन छोंकर, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजवीर सिंह, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक लोकेंद्र तिवारी, दंत चिकित्सक डॉ. श्वेता तोमर, सत्य प्रकाश सारस्वत, अनिल कुमार मौर्य, अजय शर्मा, संजीव तिवारी, डॉ. सचिन यादव, डॉ. मीनाक्षी सिंह, रजनी माथुर, स्नेहलता, दिलीप कुमार, एस. पीटरसन, सुमन सिकरवार, कृष्ण वरुण और अनीता राना समेत अन्य स्वास्थ्यकर्मी अपनी-अपनी जिम्मेदारियों के साथ मौजूद रहे।
- न्यारा एम बनर्जी का ग्लैमरस फोटोशूट: सोशल मीडिया पर छाया एक्ट्रेस का स्टाइलिश अंदाज और कॉन्फिडेंस - October 7, 2026
- ‘गोलमाल 5’ में लक्ष्मण बनकर लौटेंगे शरमन जोशी, 19 साल बाद कुणाल खेमू के साथ फिर जमेगी कॉमेडी की जोड़ी - October 7, 2026
- भारत-पाक फाइनल में उर्वशी रौतेला का ग्लैमर: एशियन गेम्स के हाई-वोल्टेज मुकाबले में ग्लोबल आइकन की मौजूदगी बनी मुख्य आकर्षण - October 7, 2026