आगरा। उन्नीसवीं और बीसवीं सदी के पूर्वार्द्ध के दौर में ताजनगरी आगरा हिंदी और उर्दू के नामचीन कहानीकारों का एक प्रमुख केंद्र हुआ करता था। हालांकि, बाद के दशकों में यह शहर धीरे-धीरे साहित्य के सन्नाटे की आगोश में सिमटता चला गया, जिसके पीछे के सटीक कारणों से अमूमन हर कोई अनजान रहा है। लेकिन अब इक्कीसवीं सदी के इस दूसरे दशक में आगरा को एक बार फिर से देश में कहानी का प्रमुख ‘हब’ बनाने की कोशिशें बेहद जोर-शोर से शुरू कर दी गई हैं। इसी दिशा में शहर में तीन दिनों की एक बड़ी और सघन कहानी लेखन वर्कशॉप (कार्यशाला) का आयोजन होने जा रहा है, जिसमें देश भर के 6 बड़े और प्रतिष्ठित कहानीकार नए और उभरते हुए रचनाकारों को पेशेवर रूप से कहानी लिखने का व्यावहारिक प्रशिक्षण देने के लिए विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
यह बात आज यहाँ दिल्ली से प्रकाशित होने वाली कहानी की प्रमुख पत्रिका ‘कथादेश’ के संपादक हरिनारायण ने कहीं। वह आज यहाँ वर्कशॉप की पूर्व वेला में आयोजित एक कार्यक्रम में पोस्टर जारी करते हुए बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि आगामी 7, 8 और 9 सितम्बर को स्थानीय ‘ग्रांड होटल’ में होने वाली इस वर्कशॉप में जितेंद्र भाटिया (जयपुर), महेश कटारे (ग्वालियर), विभांशु दिव्याल (गाज़ियाबाद), सत्यनारायण (जोधपुर), योगेंद्र आहूजा (नई दिल्ली) और शक्ति प्रकाश (आगरा) जैसे नामचीन कहानीकार तथा जयप्रकाश (राजनाँदगाँव) एवं प्रियम अंकित (आगरा) जैसे हिंदी कहानी के ख्याति प्राप्त आलोचक प्रशिक्षुओं को तीन दिन का सघन प्रशिक्षण देने को मौजूद रहेंगे।
हिंदी की चर्चित कहानी पत्रिका ‘कथादेश’ (नयी दिल्ली) और आगरा की प्रमुख सांस्कृतिक संस्था ‘रंगलीला’ के संयुक्त तत्वावधान में होने वाली उक्त तीन दिवसीय वर्कशॉप का आयोजन एसिड हमलों की शिकार महिलाओं का सामाजिक संगठन ‘शीरोज़’ कर रहा है।
श्री हरिनारायण ने कहा कि एक अच्छा और पेशेवर कहानीकार बनने में कई बाधाएं आती हैं। लेखन की शुरुआत किसी व्यावहारिक गतिविधि के साथ करने से कहानी की रूपरेखा पर सोचना बहुत आसान हो जाता है। रूपरेखा के आधार पर संरचनाएं गढ़ने और पात्र जोड़ने का अभ्यास प्रशिक्षार्थी करते हैं जिससे कहानी की नींव तैयार करने का काम आसान हो जाता है।
पोस्टर रिलीज़ कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए वरिष्ठ संस्कृतिकर्मी अनिल शुक्ल ने कहा कि “वर्कशॉप को आयोजित करने का मक़सद क़िस्सा-कहानी बुनने और गढ़ने की उन्नीसवीं और बीसवीं सदी के (आगरा में जन्मे) उर्दू और हिंदी के बड़े कहानीकारों की रवायत को फिर से ज़िंदा करना है।” उन्होंने कहा कि हाल के सालों में हिन्दी कहानी साहित्य के केंद्र में बनी हुई है। हमारे शहर में उभरते हिंदी के कहानीकार बेहतरीन रचनात्मक क्षमता होने के बावजूद कहानी की इस केंद्रीय भूमिका से खुद को नहीं जोड़ पा रहे हैं। हमारी कोशिश समकालीन समय में नयी पीढ़ी के बीच कहानी के तत्व को मुख्य धारा से जोड़ने की है।
कथाकार और लेखक अरुण डंग ने कहा कि यह वर्कशॉप प्रशिक्षणार्थियों को यह समझने में मदद करेगी कि उनमें से हर एक के पास सुनाने के लिए कहानियां तो होती हैं लेकिन वे उन्हें बुन नहीं पाते। इस वर्कशॉप में वे विशेषज्ञों के साथ मिल कर तैयार हुए वातावरण में अपने अनुभवों का अन्वेषण करेंगे और अपनी कहानियों को रचनात्मक धरातल पर उतारने का अभ्यास करेंगे।
साहित्य समीक्षक प्रो० रामवीर सिंह ने कहा कहानी की परंपरा बहुत पुरानी है। लोग कहानी कहते और सुनते आए हैं, अब इसको नए सिरे से शुरू किया जा रहा है, विशेष फोकस इसमें युवा रहेंगे।
कार्यक्रम में मौजूद उर्दू कथाकार नसरीन बेगम ने कहा कि वर्कशॉप में प्रशिक्षित अभ्यथियों को आने वाले 4 महीनों में 2 मिनी वर्कशॉपों में बुलाया जाएगा जहाँ वे अपने इस बीच के कहानी लेखन की जांच करवा सकें और खुद को और ज़्यादा पैना बना सकें।
डॉ. मुनीश्वर गुप्ता ने कहा कि दादी नानी की कहानियों का दौर अब समाप्त हो जाने से नई पीढ़ी कहानी से वंचित हो गई है लेकिन स्टोरी टेलिंग और पॉडकास्ट के जरिए कहानी आगे बढ़ रही है।
पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में युवा कहानीकार अर्जुन सवेदिया, मीडिया प्रभारी डॉ० महेश धाकड़, प्रवक्ता अजय तोमर, रामभारत उपाध्याय, रंगकर्मी अर्निका माहेश्वरी, मनोज सिंह, कमल आदि भी मौजूद थे।
निःशुल्क वर्कशॉप
इस तीन दिवसीय कार्यशाला का औपचारिक उद्घाटन 7 सितंबर को अपराह्न 4 बजे वरिष्ठ कथाकार जितेंद्र भाटिया (जयपुर) द्वारा किया जाएगा। यह पूरी वर्कशॉप पूर्णतः निःशुल्क है और इसमें बांटी जाने वाली अध्ययन सामग्री का भी कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। केवल दो दिनों के लंच और दो हाई-टी के प्रबंधन के लिए प्रतिभागियों को एक मामूली और कंसेशंड अल्प भुगतान (रुपये 1000 मात्र) करना होगा।
आगरा में जन्मे नामचीन कहानीकार
ताजनगरी की साहित्यिक उर्वरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जिन ख्याति प्राप्त कहानीकारों ने इस शहर में जन्म लिया, उनमें लल्लू लाल जी, सुदर्शन, अमृतलाल नागर, इस्मत चुगताई, रांगेय राघव, श्रीराम शर्मा, राजेंद्र यादव, रावी और विभांशु दिव्याल जैसे दिग्गजों के नाम प्रमुखता से शामिल हैं।
- आगरा के चर्चित तेजाब कांड में अदालत का ऐतिहासिक फैसला: 13 महीने जेल काटने के बाद निर्दोष साबित हुआ कल्लू, असली आरोपियों पर चलेगा नया मुकदमा - September 4, 2026
- आगरा को दोबारा कहानी का ‘हब’ बनाने की अनूठी पहल: होटल ग्रांड में 7 से 9 सितंबर तक होगी तीन दिवसीय राष्ट्रीय कहानी कार्यशाला - September 4, 2026
- बल्केश्वर के श्री महालक्ष्मी मंदिर में सजा भव्य फूल बंगला और अलौकिक श्याम दरबार, सतरंगी पोशाक में मां महालक्ष्मी के दर्शन कर भाव-विभोर हुए भक्त - September 4, 2026