आगरा के संजय प्लेस में दुकानदार पर दबंगों का हमला: पार्किंग विवाद के बाद घेरकर पीटा, कार में की तोड़फोड़

Crime

आगरा। शहर के प्रमुख व्यावसायिक इलाके संजय प्लेस में दुकान बंद कर घर लौट रहे एक व्यापारी पर दबंगों ने हमला कर दिया। रास्ते में घेरकर उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई और कार में भी तोड़फोड़ की गई। हमलावरों ने वाहन के शीशे चकनाचूर कर दिए और बॉडी को नुकसान पहुंचाया। अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह वारदात थाना हरिपर्वत के संजय प्लेस चौकी क्षेत्र की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजीव कौशिक बीती रात अपनी दुकान बंद कर घर जा रहे थे। इसी दौरान गाड़ी खड़ी करने को लेकर कुछ लोगों के साथ उनका कहासुनी व विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के बाद दबंगों ने उन्हें रास्ते में घेर लिया और उन पर हमला बोल दिया। कुछ ही देर में कई लोग मारपीट में शामिल हो गए और उन्हें संभलने का अवसर तक नहीं दिया।

​घेरकर की मारपीट, वाहन को भी बनाया निशाना

​आरोप है कि हमलावरों ने राजीव कौशिक को घेरकर लात-घूंसों से पीटना शुरू कर दिया। उन्होंने खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी लगातार वार करते रहे, जिससे उनके शरीर पर चोटें आईं। इसके बाद हमलावरों ने उनकी कार पर भी हमला बोला और शीशे तोड़ने के साथ वाहन के बाहरी हिस्से को क्षतिग्रस्त कर दिया। सरेराह हुई मारपीट व तोड़फोड़ से आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया।

सीसीटीवी फुटेज वायरल, व्यापारियों में रोष व चिंता

मारपीट और वाहन में तोड़फोड़ की यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में हमलावर दुकानदार को घेरकर पीटते और कार को नुकसान पहुंचाते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद व्यापारियों में रोष है और वे आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

संजय प्लेस शहर के व्यस्ततम कारोबारी केंद्रों में से एक है, जहां रात तक व्यापारियों व लोगों की आवाजाही रहती है। देर रात दुकानदार के साथ हुई इस घटना से व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। व्यापारियों का कहना है कि प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र में व्यापारी सुरक्षित नहीं हैं, ऐसे में रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की जानी चाहिए।

वायरल वीडियो के सहारे हमलावरों की पहचान में जुटी पुलिस

​घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पड़ताल शुरू की। पुलिस वायरल सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। अभी तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि पीड़ित दुकानदार से तहरीर मिलने के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

Dr. Bhanu Pratap Singh