आगरा के जंगल में सज रही थी जुए की महफिल: सिकंदरा पुलिस ने मारा छापा, 50 हजार से अधिक नकदी के साथ 8 जुआरी गिरफ्तार

Crime





आगरा में अवैध गतिविधियों और जुआ खेलने वालों के खिलाफ पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। इसी कड़ी में पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार के सख्त निर्देशों के अनुपालन में सिकंदरा थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सुनसान जगह पर हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे आठ युवकों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिकंदरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत रामलाल वृद्ध आश्रम के पीछे बने सुनसान जंगल में जुआरियों की महफिल सजी हुई थी। यहां सभी आरोपी इकट्ठा होकर ताश के पत्तों के जरिए दांव पर रुपये लगाकर हार-जीत का खेल खेल रहे थे। पुलिस को जैसे ही इस अवैध गतिविधि की गुप्त सूचना मिली, स्थानीय पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर चारों तरफ से घेराबंदी की और इस पूरी कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।

बरामद हुई 50 हजार से अधिक की नकदी

पुलिस टीम ने मौके से गिरफ्तार किए गए सभी आठ आरोपियों के कब्जे से कुल 50,200 रुपये की नगद राशि और जुआ खेलने में प्रयुक्त 52 ताश के पत्ते बरामद किए हैं। अचानक हुई इस पुलिसिया कार्रवाई से वहां हड़कंप मच गया। सिकंदरा पुलिस ने पकड़े गए सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और उनके खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

​पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पुलिस कमिश्नर के स्पष्ट निर्देश हैं कि जिले में अवैध गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। सार्वजनिक, एकांत और सुनसान स्थानों पर जुआ खेलने जैसी असामाजिक गतिविधियों तथा कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर बनी हुई है।




Dr. Bhanu Pratap Singh